Haryana Rohtak: प्रदेश के रोहतक जिले से दर्दनाक हादसे की ख़बर सामने आई है। जहां पर एक गांव में खाना खाने के बाद एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हो गई और अन्य 9 सदस्य गंभीर हालत में है। बताया जा रहा है कि यह फूड प्वाइजनिंग का मामला है। बालंद गांव में खाना खाने के बाद यह हादसा हुआ। खाने में कोई जहरीली चीज मिल गई थी।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गांव बालंद निवासी कृष्ण के बेटों राजेश और राकेश का परिवार एक ही घर में रहता है। कृष्ण के बड़े बेटे राजेश की चार बेटियां हैं और वहीं छोटे बेटे राकेश का एक बेटा जतिन है। शाम को परिवार के सभी सदस्यों ने मिलकर खाना खाया था जिसके बाद उनकी तबीयत काफी खराब हो गई। चक्कर आने के साथ ही उल्टियां होने लगी थी। 3 बच्चों ने तो तुरंत दम तोड़ दिया, बाकी अन्य सदस्य अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
निजी अस्पताल में चल रहा उपचार
हादसे में जिन बच्चों की मौत हुई है, उनमें दिया, लक्षिता और एक साल का ख्याति शामिल हैं। परिवार के अन्य सदस्यों जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है, उनमें कृष्ण, सीमा, राजेश, राकेश, मोनिका, कनिका औरी जतिन शामिल हैं। सभी को शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जहां पर सभी का उपचार चल रहा है। पुलिस ने अभी अपनी ओर से कोई बयान नहीं दिया है।