नूंह: ब्रजमंडल यात्रा के दौरान हरियाणा के नूंह जिले में 31 जुलाई को भड़की हिंसा के बाद बंद की गई इंटरनेट सेवा को आज बहाल कर दिया गया है। सांम्प्रदायिक हिंसा के 13 दिन बाद आज नूंह में इंटरनेट सेवा चालू की गई। हालांकि जिला प्रशासन का कहना है कि स्थिति अभी सामान्य है, लेकिन सोशल मीडिया की गतिविधि पर लागातार पैनी नजर रखी जा रही है।
स्थानीय जिला प्रशासन के मुताबकि, इंटरनेट सेवा बहाल करने के साथ सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसके साथ लोगों को हिदायत दी गई है कि किसी भी तरह की विवादित पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि ब्रजमंडल यात्रा के दौरान 31 जुलाई को नूंह में हुई हिंसा के बाद इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई थी। इसके अलावा हिंसा प्रभावित जगहों पर कर्फ्यू भी लगाए गए थे। हालांकि अब स्थिति सामान्य है।
इधर, 13 अगस्त को हरियाणा के पलवल में सर्वजातीय हिंदू समाज की बैठक में ब्रजमंडल की अधूरी यात्रा को दोबारा शुरु करने का फैसला लिया गया है। गांव पोंडरी में हुई हिंदू महापंचायत में यह फैसला लिया गया कि 28 अगस्त से नल्हड़ के शिव मंदिर से दोबारा जलाभिषेक यात्रा शुरु की जाएगी। हालांकि उन्होंने अभी तक राज्य सरकार से इसके लिए अनुमति नहीं ली है।
उल्लेखनीय है कि 31 जुलाई को विश्व हिंदू परिषद की ब्रजमंडल यात्रा के दौरान नूंह में पथराव के बाद हिंसा फैल गई थी। हिंसा की आग पड़ोसी जिले गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद में भी फैली थी।इस हिंसा में दो होमगार्ड सहित 7 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोग घायल हो गए। स्थिति पर काबू पाने के लिए हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई। इस हिंसा की आग फिर से ना धधक जाए इसके लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।