Seema Haider love story: सीमा हैदर की कहानी में राज ठाकरे की एमएनएस की एंट्री, दी ये चेतावनी

नई दिल्लीःपाकिस्तान से नेपाल होते हुए अवैध तरीके से उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा पहुंची सीमा हैदर की कहानी में अब महाराष्ट्र की राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) की एंट्री हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मनसे के महासचिव अमेय खोपकर ने पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर को उसकी पहली फिल्म को लेकर चेतावनी दी है।

ट्विटर पर अमेय खोपकर ने मराठी में लिखा है कि हम अपने रुख पर आज भी कायम हैं। एक पाकिस्तानी नागरिक को भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में कोई जगह नहीं मिलनी चाहिए। इस समय भारत में रह रही सीमा हैदर एक पाकिस्तानी महिला है। उसको लेकर ऐसी खबरें भी बीच में सुनने को आई थीं जिनमें उसके पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई का एजेंट होने का शक जताया गया था। हमारी बॉलीवुड इंडस्ट्री के कुछ नए लोग प्रसिद्धि पाने के लिए उसी सीमा हैदर को अभिनेत्री बना रहे हैं। ऐसे निर्माताओं को शर्म क्यों नहीं आती। मनसे के महासचिव अमेय खोपकर ने सार्वजनिक चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसे तमाशे तुरंत बंद करें, अन्यथा महाराष्ट्र नवनिर्माण सेवा की हड़ताल की कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

कराची टू नोएडा फिल्म में काम कर रही है सीमा हैदर

पाकिस्तान में मोबाइल पर PUBG गेम खेलने के दौरान ग्रेटर नोएडा के रहने वाले अपने से कम उम्र के सचिन नाम के युवक पर अपना दिल हार बैठने वाली सीमा हैदर अचानक उस वक्त सुर्खियों में आ गई जब वह अपने तीन बच्चों के साथ सचिन से मिलने अवैध तरीके से पाकिस्तान से भारत आ गई। यहां ग्रेटर नोएडा पहुंचकर वह सचिन के साथ रहने भी लगी, लेकिन इसकी भनक कुछ दिनों के बाद ही स्थानीय पुलिस और एजेंसियों को लगी। अचानक सीमा और सचिन की PUBG गेम खेलने से शुरू हुई मोहब्बत फिर शादी ने मीडिया में इतनी सुर्खियां बटोरी कि दोनों रातों-रात सेलिब्रिटी की तरह अखबारों और खासकर टीवी चैनलों पर दिखने लगे। सीमा हैदर और सचिन को लेकर मीडिया की बढ़ती रुचि में फिल्म निर्माताओं को भी अपना फायदा दिखने लगा। भारतीय फिल्म निर्माता अमित जानी ने तुरंत पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर को अपनी पहली फिल्म कराची टू नोएडा में काम करने का ऑफर दे दिया। हाल ही में फिल्म के लिए सीमा और सचिन के लिए गए ऑडिशन का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। यह फिल्म सीमा हैदर और सचिन मीना की प्रेम कहानी पर आधारित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *