Nuh Violence: CID सीएम को करती है रिपोर्ट, कई घंटों तक हिंसा की कोई जानकारी नहीं, गृहमंत्री अनिल विज ने किए बड़े खुलासे

शुभम रावत-

नूंह: हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने नूंह हिंसा को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं।उन्होंन बताया कि सांप्रदायिक झड़पों के कई घंटे बाद उन्हें एक निजी व्यक्ति ने फोन कर जानकारी दी। अनिल विज ने सबसे बड़ी हैरानी करने वाली बात बताई कि प्रदेश के बड़े पुलिस अधिकारी को भी सांप्रदायिक हिंसा की कोई जानकारी नहीं थी।

सोमवार, 31 जुलाई को नूंह में हुई हिंसा की आग में हरियाणा के कई जिले जल उठे। गुरुग्राम फरीदाबाद समेत कई जिले हिंसा की चपेट में आए। हिंसा के एक हफ्ते के भीतर मनोहर सरकार ने बड़ा एक्शन लिया। जिस घर से पथराव किए गए उन घरों पर बुलडोजर चला कर उसे जमींदोज कर दिया गया। वहीं हिंसा में लिप्त आरोपियों की धड़-पकड़ जारी है। इसी बीच प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज ने नूंह हिंसा को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं।

एसपी सिंगला पहले से छुट्टी पर थे- अनिल विज

गृह मंत्री ने बताया कि नूंह एसपी वरुण सिंगला पहले से ही लंबी छुट्टी पर थे। जिले का अतिरिक्त प्रभार पलवल SP को सौंपा गया था, जबकि गृह विभाग एडिशनल चीफ सेक्रेटरी टीवीएसएन प्रसाद उस दिन जम्मू में वैष्णो देवी की तीर्थयात्रा पर थे।

CID को लेकर भी विज ने कही बड़ी बात

अनिल विज ने सूबे की CID को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि सीआईडी सीधे मुख्यमंत्री को रिपोर्ट करती है। उसने गृह विभाग के साथ कोई खुफिया इनपुट साझा नहीं किया। अनिल विज ने कहा कि नूंह हिंसा पूर्व नियोजित थी, जहां पहाड़ियों की चोटियों से गोलियां चलाई गईं और छतों पर पत्थर जमा किए गए थे।

विज ने बताया कि नूंह का अतिरिक्त चार्ज देख रहे पलवल के एसपी को नूंह हिंसा के बारे में कुछ भी नहीं पता था। उन्होंने DGP पीके अग्रवाल को फोन किया तो डीजीपी ने कहा कि वह नूंह जाएंगे। गृह मंत्री ने अनिल विज ने आगे कहा कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP, लॉ एंड ऑर्डर) सहित शीर्ष स्तर के पुलिस अधिकारियों को सचेत करने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से बात की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *