नूंह.पिछले 31 जुलाई से हरियाणा के नूंह जिले में शुरु हुई हिंसक झड़प में 7 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान गुरुग्राम के एक मस्जिम में मौजूद मौलवी की भी बेरहमी से हत्या कर दी गई। सैकडों गाड़ियों को फूंक दिया गया। वहीं झड़प के दौरान ये भी खबर सामने आई थी कि जिले में स्थित नल्हड़ मंदिर में फंसी महिलाओं के साथ रेप जैसी घटना को अंजाम दिया गया था। हालांकि हरियाणा पुलिस ने इसका खंडन करते हुए कहा है कि यह पूरी तरह अफवाह है।
रोहतक रेंज की एडीजीपी ममता सिंह (ADGP Mamta Singh) ने इसे झूठी कहानी करार दिया है। साथ ही ये भी कहा कि यह झूठ है कि नल्हण मंदिर में फंसे श्रद्धालुओं के साथ बलात्कार जैसे भयानक अपराध हुए। उन्होंने कहा कि वह झड़प के दौरान मंदिर में मौजूद थीं और ऐसी कोई घटना नहीं हुई। हम सोशल मीडिया पर नजर रख रहे हैं। मैं उन लोगों को चेतावनी देती हूं जो हालात को बिगाड़ने के लिए अफवाहें पोस्ट कर रहे हैं, उनकी कोशिशों को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। हरियाणा पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने वाले लोगों को भी चेतावनी दी और कहा कि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया के माध्यम से हिंसा भड़काने वालों के मकसद पर पानी फेरने के लिए हिंसा प्रभावित नूंह में मोबाइल इंटरनेट, एसएमएस सेवाओं पर रोक बढ़ा दी गई है। राज्य सरकार ने मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं पर बैन (Mobile-Internet, SMS Services Ban) को मंगलवार तक बढ़ाने का फैसला किया. मगर वॉयस कॉल की अनुमति होगी।
एडीजीपी ममता सिंह के मुताबिक, प्रतिबंध मंगलवार रात 11:59 बजे तक प्रभावी रहेगा। ममता सिंह ने बताया कि हरियाणा में हुई हिंसा के मामले में अब तक लगभग 104 मामले दर्ज किए गए हैं और लगभग 216 गिरफ्तारियां की गई हैं और 83 निवारक गिरफ्तारियां की गई हैं।