Nuh Violence Update: हरियाणा के नूंह जिले में हुई हिंसा के बाद सरकार एक्शन में हैं। आला अधिकारियों पर लगातार गाज गिर रही है। आज एसपी के बाद डीसी प्रशांत पंवार को हटा दिया गया है। जिले के नए डिप्टी कमिश्नर धीरेन्द्र खड़गटा होंगे। इससे पहले भी वह नूंह जिले में डीसी रह चुके हैं। डीसी से पहले पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला को हटाया गया था।
एसपी के बाद डीसी बदला
एसपी वरुण सिंगला की जगह पर SP नरेंद्र बिजारणिया को नूंह का जिम्मा सौंपा गया है। बिजारणिया पहले भिवानी के SP थे और साथ में ADG (लॉ एंड ऑर्डर) के OSD की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। अब नूंह जिले का चार्ज संभालेंगे।
प्रशासन ने चलाया बुलडोजर
नूंह में हुई हिंसा के बाद प्रशासन ने शुक्रवार को जमकर कार्रवाई की और करीब 20 घरों के अलावा 250 झुग्गियों पर बुलडोजर चलाया। बताया जा रहा है कि यह निर्माण अवैध तरीके से हुआ था। रोहिंग्या मुस्लिम हिंसा में शामिल हुए थे। इसके बाद प्रशासन ने कठोर कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया।
दूसरी ओर, हिंसा के विरोध में गुरुग्राम के पटौदी में हिन्दू संगठनों ने मार्च निकाला। हिन्दू संगठन पटौदी के पुराने कोर्ट पर इकट्ठा हुए और बाजार में दुकानों को बंद करते हुए SDM ऑफिस पहुंचे।प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज ने मोनू मानेसर को लेकर कहा कि वो जरूर पकड़ा जाएगा। जो उसने किया है उसकी सजा उसको मिलेगी।
शुक्रवार के दिन हिंसा प्रभावित जिलों में खुले में नमाज नहीं पढ़ी गई। अकीदतमंदों ने घर में रहकर जुमे की नमाज को अदा किया। जिलों के एसपी और डीसी ने घर में नमाज पढ़ने की अपील की थी।