Nuh Violence:हरियाणा के मेवात में हुई हिंसा पर प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज ने बड़ा बयान दिया है। विज का कहना है कि यह हिंसा एक षडयंत्र है और किसी मास्टरमाइंड ने इसे रचा है। नूंह में हिंसा एकदम से नहीं हुई। यह अनायास नहीं बल्कि सुनियोजित दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। प्रदेश के अधिकारियों को जांच के आदेश दे दिए गए हैं और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मास्टरमाइंड ने रचा प्लान- विज
कद्दावर मंत्री विज का कहना है किजिस तरह पत्थरों को इकट्ठा किया गया और गोलियां चलाना, इससे साफ है किहिंसा एकदम नहीं हुई, ये किसी न किसी का मास्टरमाइंड का प्लान था जो देश और प्रदेश की शांति भंग करना चाहता है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि इस मामले में जांच बिठा दी गई है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।
एयरफोर्स को स्टैंडबाई पर रखा- विज
बढ़ती हिंसा की आग को देखते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्र से 20 कंपनियां मंगवा ली गई है और साथ ही एयरफोर्स को स्टैंडबाई पर रखा गया है। जिससे एयरलिफ्ट की जरूरत पड़ने पर हम तैयार रहें और किसी भी स्थिति से निपट सके। हालांकि, सोमवार के बाद से नूंह में कोई हिंसक घटनाएं नहीं हुई।
वहीं, सियासी पार्टियों से अपील करते हुए विज ने कहा कि यह राजनीति करने का समय नहीं है। प्रदेश में दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई हैं, इस समय सभी को एक साथ मिलकर शांति बहाल करने पर सोचना चाहिए। प्रदेश के लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। प्रशासन लगातार हालात को सामान्य करने पर काम कर रहा है।