Murder in Bahadurgarh: व्यायाम कर रहे पहलवान की गोलियों से भूनकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

बहादुरगढ़: नूंह और मेवात सहित हरियाणा के कुछ हिस्सों में इन दिनों दो समुदायों के बीच हिंसा जारी है। इस बीच बहादुरगढ़ के बादली रोड स्थित गांव सोलधा में आज सुबह एक पहलवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चार से पांच हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। वहीं मौके पर पुलिस पहुंचीऔर मामले की जांच में जुट गई।

मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ अज्ञात हमलावरों ने गांव सोलधा की एक व्यायामशाला में व्यायाम कर रहे 30 वर्षीय श्रीकृष्ण को गोली मार दिया, जिससे मौके पर ही युवक की मौत हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। इसके साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब से विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई, जिसने सुबूत जुटाए। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल ले जाया गया है। हालांकि अभी तक हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता नहीं चल पाया है।

मृतक को लगी 5-7 गोलियां

बताया जा रहा है कि श्रीकृष्ण हर रोज सुबह गांव के ही राजकीय विद्यालय के परिसर में बनी व्यायामशाला में व्यायाम करने आता था। हर रोज की तरह आज सुबह भी वह व्यायाम ही कर रहा था। तभी चार-पांच लड़के आए और युवक पर गोलियां बरसानी शुरु कर दी। इनमें से 5-7 गोलियां श्रीकृष्ण को लगी जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को गोलियों के 10 खोल बरामद हुए हैं। पुलिस सुत्रों के मुताबिक, यह रंजिश का मामला हो सकता है।

मृतक के खिलाफ दर्ज हैं 2 मामले

जानकारी ये भी सामने आ रही है कि मृतक के खिलाफ दो अपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों मामलों में एक सोनीपत के सदर थाना में दर्ज है जो कि हत्या का मामला है। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था जिसकी आज हत्या कर दी गई। वहीं मामले के तह तक पहुंचने के लिए पुलिस जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *