Palwal Violence Update:सोमवार को मेवात जिले के नूंह में हुई हिंसा की आग अब धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में फैल रही है। मंगलवार दोपहर को पलवल में उपद्रवियों ने सामान से 4 ट्रकों को आग के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग को बुझाया लेकिन तब तक ट्रक जलकर राख हो चुके थे।
बताया जा रहा है कि पलवल में रसूलपुर रोड़ पर उपद्रवियों ने वाहनों को आग के हवाले किया। घटना के बाद शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा है। पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठी भांजते हुए हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस लगातार लोगों से शांति की अपील कर रही है।
हरियाणा में हुई हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। गुरुग्राम, फरीदाबाद और रेवाड़ी में धारा 144 लागू कर दी गई। साथ ही सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है।नूंह में हिंसा के बढ़ते मामले को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अर्धसैनिक बलों को तैनात करने का फैसला किया है।
नूंह में होने वाली परीक्षा स्थगित
इसके अलावा हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की नूंह जिले में होने वाली एक और 2 अगस्त की परीक्षा स्थगित कर दी गई। बता दें कि दो समुदाय के बीच हुई हिंसा मेवात के बाद सोहना, गुरुग्राम और पलवल तक फैली चुकी है। किसी भी तरह की आपातकाल स्थति से निपटने के लिए RAF की 15 कंपनियां को बुलाया गया है।
भगवा यात्रा पर हुआ था पथराव
गौरतलब है कि सोमवार को नूंह जिले में हिंदू संगठनों की तरफ से निकाली गई और यात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसा फैल गई। इस दौरान जमकर पथराव और आगजनी हुई। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ करके उसे आग के हवाले कर दिया गया। देखते ही देखते हंगामा इतना बढ़ गया कि पत्थर के साथ-साथ गोलियां भी चलीं। इस हिंसा में दो होम गार्डस समेत 5 की मौत हो गई, जबकि कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।