Haryana Bhagwa Yatra Violence:हरियाणा के मेवात जिले का क्षेत्र नूंह आज उस समय जल उठा। जब बृज मंडल यात्रा पर पथराव किया गया। दो गुटों की हिंसक झड़प में दो होमगार्ड की मौत हो गई और एक इंस्पेक्टर के पेट में गोली लगी तो एक डीएसपी भी घायल हो गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
हिंसा में होमगार्ड की मौत
शोभायात्रा में दो गुटों के बीच जमकर पथराव हुआ और आगजनी की गई। जिसमें दो होमगार्ड की मौत हो गई और 40 से अधिक गाड़ियों को फूंक दिया गया। इलाके में तनाव को देखते हुए जिले में इंटरनेट और SMS सेवा पर रोक लगा दी गई। हालांकि, स्थिति अभी नियंत्रित बताई जा रही है।
डीसी कर रहे दोनों पक्षों के साथ बैठक
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए नूंह डीसी दोनों पक्षों के साथ बैठक कर रहे हैं। जिले में 2 अगस्त तक के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई। हिंसा की वजह से की सीमाएं सील कर दी गई और जिससे कई लोग फंसे हुए हैं। यहां तक कि जिले में धारा 144 लगा दी गई है। हरियाणा पुलिस का कहना है कि भीड़ ने विश्व हिंदू परिषद के जुलूस को रोकने की कोशिश की। इस दौरान एक होमगार्ड की गोली लगने से मौत हो गई।
लोगों से शांति की अपील- अनिल विज
घटना को लेकर प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज का कहना है कि हमने केन्द्र सरकार को सूचित कर दिया है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है और फंसे हुए लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है। साथ ही लोगों से शांति बहाली की अपील की जा रही है और लगातार सोशल मीडिया पर प्रशासन की नजर है जिससे किसी भी तरह की अफवाहों से बचा जा सके। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।