Bihar News: नीतीश कुमार की नाराजगी पर जदयू अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा- सूत्रधार कभी नाराज नहीं होता

पटना:आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को केंद्र से हटाने की रणनीति बनाने के लिए पटना के बाद विपक्षी दलों की बेंगलुरु में दो दिवसीय बैठक हुई। यह बैठक 17 और 18 जुलाई को हुई। इस दौरान इस बैठक में गठबंधन के नाम की भी घोषणा हुई, जिसका नाम INDIA रखा गया। इस नाम को लेकर राजनीतिक घमासान छिड़ गया है। एक तरफ बीजेपी इसका विरोध कर रही है। तो दूसरी ओर खबर आ रही है कि नीतीश कुमार भी गठबंधन के इस नाम से खुश नहीं है। हालांकि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष का एक बयान सामने आया है जिसमें उन्होंने कहा है कि नीतीश कुमार के नाराज होने की खबर झूठी है।

गठबंधन के इंडिया नाम पर नीतीश कुमार की नाराजगी वाली खबर पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मीडिया अफवाह फैला रही है कि नीतीश कुमार नाराज हैं। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम मोदी के नियंत्रण में जो मीडिया है वह दुष्प्रचार कर है। इस तरह की अफवाहें पहले भी फैलाई जा चुकी है कि जेडीयू-आरजेडी (JDU-RJD) का विलय होगा फिर दुष्प्रचार हुआ कि आरजेडी और जेडीयू में खटपट है।

ललन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार विपक्षी एकता के सूत्रधार हैं और सूत्रधार कभी नाराज नहीं होता। इंडिया नाम सभी की सहमति से तय हुआ है। उन्होंने बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए की बैठक पर कहा कि पांच वर्षों में कभी भी प्रधानमंत्री ने एनडीए की बैठक नहीं बुलाई है। हम पांच साल एनडीए से पार्लियामेंट में रहे लेकिन अब उनको बैठक बुलाने की चिंता क्यों हो गई? घबराहट और हताशा में प्रधानमंत्री ने बैठक बुलाई है।

बता दें कि मंगलवार (18 जुलाई) को हुई विपक्षी दलों की बैठक के बाद इस गठबंधन का नाम इंडियाघोषित किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसकी घोषणा की। लेकिन ऐसा बताया जा रहा है कि बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले ही नीतीश कुमार वहां से रवाना हो गए। मिली जानकारी अनुसार इस नाम से नीतीश कुमार खुश नहीं हैं। उन्होंने भारत से संबंधित नाम रखने का सुझाव दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *