पटना: बिहार की राजधानी पटना में एक कार्यक्रम के लिए पहुंचे राज्यपाल विश्वनाथ आर्लेकर का पैर फिसल गया जिससे वो जमीन पर गिर पड़े। हालांकि उन्हें कुछ खास चोट नहीं आई क्योंकि इस दौरान उनके साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें तुरंत संभाल लिया। लेकिन उनके टखने में हल्की चोट आई है। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण भीगे मैट पर उनका पैर फिसल गया जिससे वो लडखड़ाकर गिर पड़े।
दरअसल, बिहार के गवर्नर विश्वनाथ आर्लेकर पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में एक कार्यक्रम में जा रहे थे। इस दौरान हॉल में जाने के क्रम में बारिश के कारण भीगे मैट पर फिसलकर गिर पड़े। उनके गिरते ही वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी घबरा गए। हालांकि उन्हें तुरंत ही संभाल लिया गया। जानकारी के मुताबिक, आर्लेकर पूर्व मंत्री मुंगेरीलाल की पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। राज्यपाल को मुंगेरीलाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण करना था।
बता दें कि गोवा के पणजी में जन्मे विश्वनाथ आर्लेकर को हाल ही में बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में कार्यरत थे। बिहार का राज्यपाल नियुक्त होने के बाद जब वे अपना पदभार ग्रहण करने बिहार आए थे तब मई की गरमी में बेमौसम की बारिश ने उनका स्वागत किया।इसी के कारण हुए कीचड़ में उनकी गाड़ी ऐसी फंसी कि उन्हें रेस्क्यू करना पड़ गया।