Bihar News: धूम्रपान करते पकड़े जाने पर शिक्षकों ने छात्र को बेरहमी से पीटा, मौत

पटना: पिछले कुछ दिनों में बिहार से ऐसी कई खबरें सामने आई हैं जहां शिक्षक द्वारा छात्र को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। इसी कड़ी में पूर्वी चंपारण जिले से भी एक ऐसी ही खबर सामने आई है। दरअसल, दसवीं के 15 वर्षीय छात्र बजरंगी कुमार को उसके ही शिक्षकों द्वारा कथित तौर पर पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। जानकारी है कि शिक्षकों ने बजरंगी को धूम्रपान करते हुए देख लिया था जिसके बाद उसकी पिटाई कर दी।

स्कूल अध्यक्ष ने किया आरोपों का खंडन

हालांकि स्कूल के चेयरमैन विजय कुमार यादव ने इस आरोप का खंडन करते हुए कहा कि लड़के को पीटा नहीं गया था, बल्कि उसने जहर खाया था। विजय कुमार का कहना है कि बजरंगी ने इस डर से जहर खाया था कि उसके परिवार को धूम्रपान करते पकड़े जाने के बारे में पता चल जाएगा। इसके बाद उसे मुजफ्फरपुर ले जाया गया लेकिन वो बच नहीं सका।

मां का फोन लेने गया था छात्र

दरअसल, बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के बजरंगी कुमार अपनी मां का मोबाइल फोन रिपेयरिंग की दुकान से वापस लेने के लिए मधुबन इलाके में गया था। घर लौटने के दौरान हरदिया पुल के नीचे लगभग 11:30 बजे अपने दोस्तों के साथ बजरंगी धूम्रपान करने लगा। इस दौरान निजी आवासीय विद्यालय मधुबन राइजिंग स्टार प्रेप स्कूल के अध्यक्ष विजय कुमार यादवने उसे स्मोक करते हुए देख लिया।

कपड़े उतार बेल्ट से की पिटाई

इस दौरान छात्र का एक रिश्तेदार जो उसी स्कूल का शिक्षक है, वो भी अध्यक्ष विजय कुमार के साथ ही था। परिजनों का आरोप है कि दोनों ने जब बजरंगी को धूम्रपान करते हुए देखा तो वे क्रोधित हो गए और छात्र को स्कूल परिसर में ले गए। स्कूल लाने के बाद उन्होंने अन्य शिक्षकों के साथ मिलकर उसे बेरहमी सेपिटाई कर दी। बजरंगी की मां और बहन ने आरोप लगाया कि शिक्षकों ने लड़के के कपड़े उतार दिए और उसे बेल्ट से पीटा।

प्राइवेट अंगों से भी बह रहा था खून

पिटाई के दौरान जब बजरंगी बेहोश हो गया, तो उसे मधुबन के एक निजी नर्सिंग होम में ले जाया गया। लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि बजरंगी की गर्दन और बांह पर गहरी चोटें थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उसके प्राइवेट अंगों से भी खून बह रहा था। बता दें कि बजरंगी को दो महीने पहले स्कूल के छात्रावास में दाखिला मिला था और वह गर्मी की छुट्टियों में घर आया था। वहीं, लड़के की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *