Haryana: हरियाणा कांग्रेस की बैठक में एक बार फिर से हंगामा देखने मिला। प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया के सामने भावी सीएम के नारे लगाए गए। बैठक में प्रदेश प्रभारी के साथ सभी नेता एक मंच पर मौजूद है। हालांकि, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी शैलजा बैठक के बीच से ही निकल गई। बैठक में जैसे ही शैलजा ने बोलना शुरू किया तो उनके समर्थकों ने भावी सीएम के नारे लगाए।
शैलजा का कहना है कि उनका कार्यक्रम पहले से तय था इसलिए बैठक को छोड़कर बीच में जाना पड़ रहा है। दीपक बाबरिया की अध्यक्षता में हो रही बैठक में जमकर हंगामा हुआ। शैलजा समर्थकों ने भावी सीएम के नारे लगाए। जिस पर शैलजा का कहना है कि अगला सीएम कौन होगा कुछ कहा नहीं जा सकता। इस पर शैलजा ने सोनिया गांधी और दीपक बाबरिया के नारे लगवाएं। वहीं, हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने इस दौरान कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारे लगवाए।
बैठक में जैसे ही कुमारी शैलजा ने बोलना शुरू किया तो समर्थकों ने भावी सीएम के नारे लगवाए। इस दौरान शैलजा ने कहा नारेबाजी कोई नई चीज नहीं है। यहां मौजूद हर नेता सीएम है। शैलजा ने सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा के घोषणा पत्र को लेकर कहा कि यह मेनिफेस्टो कांग्रेस का नहीं है। कांग्रेस का घोषणा पत्र कांग्रेस मेनिफेस्टो कमेटी बनाती है। इसके बाद कुमारी शैलजा बैठक को छोड़कर निकल गई।
गौरतलब है कि हरियाणा कांग्रेस की जिम्मेदारी मिलते ही दीपक बाबरिया ने अपनी गतिविधियां बढ़ा दी है। बाबरिया ने पार्टी नेताओं के साथ बैठकों का सिलसिला शुरू कर दिया। वह दो दिनों तक हरियाणा दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह नेताओं और पदाधिकारियों के साथ वन टू वन बातचीत करेंगे। दीपक बाबरिया की गिनती कांग्रेस में राहुल गांधी के नजदीकी नेताओं में होती है।