नई दिल्ली: हर साल की भांति इस साल भी आज यानी 30 मई को देशभर में हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर सीएम योगी ने ट्वीट कर सभी पत्रकार बंधुओं को हिंदी पत्रकारिता दिवस की बधाई बधाई दी। उन्होंने लिखा, हिंदी पत्रकारिता दिवस की समस्त पत्रकार बंधुओं को अनंत शुभकामनाएं!देश के प्रथम हिंदी समाचार पत्र उदन्त मार्तण्ड के रूप में मिली विरासत का नित संरक्षण-संवर्धन कर रहे सभी पत्रकार साथियों का हार्दिक अभिनंदन!इसके साथ ही कांग्रेस ने भी अपने ट्विटर हैंडल से सबको शुभकामनाएं दी।
बता दें कि हिंदी पत्रकारिता दिवस मनाने के पीछे की एक बहुत बड़ी वजह है। दरअसल, आज के दिन यानी 30 मई 1826 को हिंदी भाषा का पहला अखबार प्रकाशित हुआ था। उस अखबार का नाम था उदन्त मार्तण्ड। इस समाचार पत्र का प्रकाशन जुगल किशोर शुक्ला ने तब किया था जब ब्रिटिश शासन में भारतीयों के हित में कुछ भी लिखना बड़ी चुनौतीथी।
उस समय में बंगला,अंग्रेजीऔर फ़ारसी के बीच हिंदी में निकलने वाले समाचार पत्र में उदन्तमर्तण्ड अकेला हिंदी भाषा का पत्र था जो हर मंगलवार को प्रकाशित हो कर पाठकों तक पहुंचता था। इस पत्र को प्रकाशित करने वाले जुगल किशोर शुक्ल ने कोलकाता के बड़े बाजार इलाके में अमरतल्ला लेन, कोलूटोला से इसे प्रारम्भ किया था।किशोर कानपुर के रहने वाले थे लेकिन उन्होंने कोलकाता को ही अपना कर्मभूमि बना लिया।