लाहौर: पाकिस्तान में इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद से हालात खराब होते जा रहे हैं। पाकिस्तान गृह युद्ध की आग में जल रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को 9 मई को दोपहर करीब 3 बजे गिरफ्तार किया गया था। अल-कादिर ट्रस्ट स्कैम केस में पाकिस्तानी रेंजर्स ने नेशनल अकाउंटेबिलिटी ब्यूरो के आदेश पर ये गिरफ्तारी की। पाकिस्तान के अखबार द डॉन के मुताबिक अल कादिर ट्रस्ट घोटाला करीब 60 अरब पाकिस्तानी रुपए का है और इसका फायदा इमरान, पत्नी बुशरा बीबी और बुशरा की दोस्त फराह गोगी ने उठाया।
1 हजार समर्थक किये गए गिरफ्तार
गिरफ्तारी से पहले इमरान 2 केस में जमानत के लिए हाईकोर्ट पहुंचे थे। गिरफ्तारी के बाद PTI के कार्यकर्ताओं ने देशभर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। अल-जजीरा के मुताबिक पुलिस ने अब तक इमरान के 1 हजार समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया है।
पंजाब में फौज की गई तैनात
पूर्व PM इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान में हिंसा दूसरे दिन भी जारी है। 8 लोगों की मौत की खबर है। पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में फौज तैनात कर दी गई है। चांग इलाके में मौजूद न्यूक्लियर फेसिलिटी पर फौज के कमांडो तैनात कर दिए गए हैं। पेशावर में रेडियो पाकिस्तान की इमारत में आग लगा दी गई।
8 दिन का फिजिकल रिमांड पर भेजा
जांच एजेंसी ने 14 दिन का रिमांड मांगा था। जज ने इमरान को 8 दिन की फिजिकल रिमांड पर जांच एजेंसी को सौंप दिया। इसी जांच एजेंसी ने मंगलवार को उन्हें 60 अरब पाकिस्तानी रुपए के घोटाले के आरोप में गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी ने खान की पत्नी बुशरा के लिए भी गिरफ्तारी वारंट जारी करने की मांग की है।
इस्लामाबाद में अलर्ट जारी
इस्लामाबाद में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। फॉरेन एम्बेसी और कॉन्स्यूलेट के स्टाफ को बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। पाकिस्तान के टीवी चैनल दुनिया न्यूज के मुताबिक पूरे मुल्क में इंटरनेट बंद कर दिया गया है। खान पर सरकारी खजाने (तोशाखाना) के तोहफे बेचने के मामले में भी आरोप तय कर दिए गए हैं।