हांसी में पढ़ा रहे स्कूल अध्यापक पर अज्ञात लोगों ने किया हमला, पुलिस कर रही है मामले की जांच

हिसार: हिसार के हांसी से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां अज्ञात हमलावरों ने एक स्कूल अध्यापक पर हमला कर दिया। इस हमले में अध्यापक गंभीर रूप से घायल हो गया है। संस्कृति मॉडल स्कूल में बच्चों को पढ़ा रहे टीचर को बाहर से आए तीन युवकों ने चाकू घोंप दिया। वारदात के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। बच्चे भी डर गए। शोर सुनकर अन्य टीचर मौके पर पहुंचे तो हमलावर मौके से फरार हो गए।

शिक्षक को अस्पताल ले जाया गया

घायल शिक्षक पंकज को हांसी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हिसार रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि चाकू मारने वालों में से एक युवक स्कूल ड्रेस में था और दो अन्य सादे कपड़ों में थे। फिलहाल चाकू मारने के पीछे के कारण का खुलासा नहीं हो पाया है।

यह बताया जा रहा है पूरा मामला

बताया गया है कि ढाणी कुम्हारान निवासी पंकज बीएड करके हांसी में हिसार चुंगी स्थित संस्कृति मॉडल स्कूल में प्रैक्टिस कर रहा था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। वारदात के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। स्कूल की दीवार भी टीचर के खून से सन गई। डरे हुए बच्चों ने भी चिल्लाना शुरू कर दिया।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

वारदात की सूचना के बाद एसपी मकसूद अहमद और डीएसपी विनोद शंकर अपनी टीम के साथ स्कूल में पहुंचे और जांच की। एसपी मकसूद अहमद ने कहा कि मामले की छानबीन कर रहे हैं। अभी कुछ स्पष्ट नहीं है। सीसीटीवी फुटेज की सहायता से आरोपियों को पहचानने की कौशिश की जाएगी। सीआईए की टीमें लगा दी हैं। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *