Akanksha Dubey Case:आकांक्षा दुबे की मां ने जताई परिवार पर अनहोनी की आशंका…बोली- अगर कुछ भी हुआ तो समर और संजय जिम्मेवार

वाराणसी: भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे सुसाइड केस में आरोपियों की खोजबीन लगातार जारी है। पुलिस की टीम आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले आरोपी समर सिंह जो कि आकांक्षा का कथित बॉयफ्रेंड है, और उसके भाई संजय सिंह की लगातार तलाश में है लेकिन अभी तक दोनों आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस बीच आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने अपने परिवार पर अनहोनी की आशंका जताई है और कहा है अगर उनके परिवार के साथ कुछ भी अनहोनी होती है तो उसका जिम्मेदार और कोई नहीं बल्कि समर सिंह और संजय सिंह होंगे।

आपको बता दें कि आकांक्षा दुबे का परिवार लगातार भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह पर अभिनेत्री के मौत का आरोप लगा रहा है। परिवार के आरोप के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है और पुलिस लगातार खोजबीन कर रही है। इस बीच एक्ट्रेस की मां मधु दुबे ने अपने परिवार पर भी समर और संजय सिंह से खतरा बताया है।

रविवार को आकांक्षा की मां ने आशंका जताते हुए कहा कि जब उनकी बेटी की मौत हुई तो सूचना मिलने पर वह मुंबई से वाराणसी आई तब अपने परिवार पर खतरा महसूस नहीं हुआ। लेकिन अब ऐसा प्रतित हो रहा है कि कोई उन पर और उनके परिवार पर नजर रख रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे ऐसा इसलिए लग रहा है क्योंकि हम कहीं भी जाते हैं तो हमारे आगे-पीछे कुछ अज्ञात लोग घूमते रहते हैं और उनकी हर गतिविधियों की निगरानी करते हैं।

मधु दुबे ने कहा कि मुझे लगता है कि हमारा परिवार समर सिंह और संजय सिंह पर आकांक्षा की मौत का आरोप लगा रहा है तो वो हमारे परिवार को भी नुकसान पहुंचाना चाहता है। अब मुझे डर है कि मेरे परिवार के साथ कुछ अनहोनी हो सकती है। अगर ऐसा कुछ होता है तो उसकी जिम्मेवरी समर सिंह और संजय सिंह की होगी।

आकांक्षा दुबे की मौत के बाद उनसे संबंधित वीडियो इन दिनों रोजाना सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं। रविवार को आकांक्षा सारनाथ स्थित जिस होटल में ठहरी थीं, उसके सीसी कैमरे की फुटेज वायरल हुई। फुटेज के अनुसार, बीते 26 मार्च की सुबह आकांक्षा के कमरे का दरवाजा नहीं खुल रहा था। इस पर होटल स्टॉफ ने फिल्म की यूनिट के लोगों की मौजूदगी में मास्टर-की से आकांक्षा के कमरे के दरवाजे का लॉक खोला था।

परिजनों का ये है आरोप

आकांक्षा के परिजनों ने समर सिंह पर आरोप लगाया था कि समर सिंह आकांक्षा पर बहुत दबाव बनाता था जिससे वह मेंटली टॉर्चर रहती थी। वह उनकी बेटी को किसी और के साथ काम करने से मना करता था। इसके साथ ही आकांक्षा की मां ने आरोप लगाया कि समर ने लगभग तीन साल से काम करने का पैसा भी नहीं दिया था। जब आकांक्षा ने पैसे मांगना शुरु किया तो उसके भाई संजय सिंह ने देख लेने की धमकी भी दिया था।

26 मार्च को की थी आत्महत्या

मालूम हो कि भदोही के बरदहां निवासी छोटेलाल दुबे की पुत्री आकांक्षा दुबे ने 26 मार्च को वाराणसी स्थित सारनाथ के एक होटल में आत्महत्या कर ली थी। आकांक्षा का शव होटल में फंदे से लटकता मिला था। वह शूटिंग के सिलसिले में यहां आई हुई थीं। मौत के बात परिजनों ने भोजपुरी सिंगर समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ केस दर्ज करवाया था जिसके बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *