पटना: आज से बिहार विधानसभा का बजट सत्र तो शुरु हो ही चुका कि इसी कड़ी में बिहार विधान परिषद से भी बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, निर्वाचन आयोग ने यहां की चार सीटों के लिए MLC (Member of Legislative Council) चुनाव की घोषणा कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक, 31 मार्च को मतदान होगा जबकि 5 अप्रैल को मतगणना होगी। बता दें कि विधान परिषद के चार सीट पर स्थायी चुनाव के साथ ही एक सीट के लिए उपचुनाव भी होगा।
चुनाव आयोग के मुताबिक, गया के स्नातक और शिक्षक सीट के साथ ही सारण स्नातक और कोसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए चुनाव होना है। इस समय गया स्नातक क्षेत्र से अवधेश नारायण सिंह,गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से संजीव श्याम सिंह,सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से वीरेन्द्र नारायण यादव और कोसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से संजीव कुमार सिंह विधान पार्षद है जिनका कार्यकाल 08 मई 2023 को खत्म हो रहा है।
वहीं सारण निर्वाचन क्षेत्र से विधान पार्षद रहे केदारनाथ पांडेय का 24 अक्टूबर 2022 को निधन हो गया था। हालांकि उनका कार्यकाल 16 नवंबर 2026 तक है, इसलिए इस सीट के लिए उपचुनाव कराया जायेगा।इस चुनाव के लिए 6 मार्च को अधिसूचना जारी होगी ,13 मार्च तक नामांकन किया जाएगा और 16 मार्च तक नाम वापस लिया जा सकेगा। 31 मार्च को मतदान होगा,जबकि 5 अप्रैल को मतगणना होगी।