लखनऊ: राजू पाल हत्याकांड मामले के प्रमुख गवाह उमेश पाल के मर्डर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रयागराज की धूमनगंज पुलिस ने सोमवार को शूटर अरबाज को गोली मारते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली से गंभीर रुप से घायल अरबाज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दबिश के दौरान पुलिस ने मारी गोली
उमेश पाल के हत्यारों का खुलासा करने के लिए एसटीएफ और प्रयागराज की पुलिस की अलग-अलग टीम लगी हुई है। इस मामले में संदिग्धों को पुलिस धड़ पकड़ कर रही है। पुलिस ने आज अरबाज के धूमनगंज के नेहरू पार्क स्थित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान अरबाज ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने पैर में गोली मारकर उसे घायल कर दिया ताकि वो भाग ना सके। सूत्रों के मुताबिक पुलिस मुठभेड़ के दौरान अरबाज के दो साथी भागने में कामयाब रहे।
अतीक के परिवार से पूछताछ जारी
इस मामले में माफिया अतीक अहमद के परिवार से पुलिस पूछताछ कर रही है। उसकी पत्नी से सवाल-जवाब किये जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि अतीक के जिस बेटे के शामिल होने बात कही जा रही है वो फरार चल रहा है।
अतीक को लेकर सपा पर मायावती का हमला
वहीं इस मामले पर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। मायावती ने कहा कि, अतीक अहमद सपा के ही प्रोड्क्ट है। वो इसी पार्टी से एमएलए, एमपी रहा है। अब राजू पाल की पत्नी भी बसपा से सपा में चली गई है। जिस पार्टी को वह मुख्य दोषी ठहरा रही थी। मायावती ने आगे कहा कि ऐसे में इसकी आड़ में कोई भी राजनीति करना सही नहीं है।
अतीक की पत्नी बसपा से होंगी निष्कासित
बसपा अध्यक्ष मायावती ने आगे कहा कि अतीक अहमद के बेटे और उसकी पत्नी के ऊपर इस मामले में एफआईआर दर्ज होने की सूचना मिली है। अगर पुलिस जांच के बाद वो दोषी साबित होते हैं, तो अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन को भी पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा।