लेखक- सिमरन त्यागी
सोनीपतः हरियाणा में खेलों को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। हाल ही में मध्य प्रदेश में खेलो इंडिया यूथ गेम्स संपन्न हुए , जिसमें हरियाणा के कई होनहार खिलाड़ी विजेता रहे। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सोनीपत में स्थित मोतीलाल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, राई में डायरेक्ट एडमिशन दिया जाएगा। इन खिलाड़ियों को यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए न तो कोई फिजिकल टेस्ट से गुजरना होगा और न ही कोई लिखित परीक्षा देनी होगी।
200 छात्रों को दिया जाएगा प्रवेश
स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय के वीसी एसएस देसवाल का कहना है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने खुद को राष्ट्रीय स्तर पर साबित किया है। इसलिए उनको विश्वविद्यालय में एडमिशन लेने के लिए आयोजित होने वाली परीक्षा में शामिल होने की कोई आवश्यकता नहीं है। इस साल यूनिवर्सिटी में 200 छात्रों को एडमिशन दिया जाएगा, जिसमें खेलो इंडिया यूथ गेम्स में पदक जीतने वाले जितने भी खिलाड़ी दाखिला लेना चाहते है तो उन्हें एडमिशन दिया जाएगा। कुलपति एसएस देसवाल का कहना है कि उनका लक्ष्य छात्रों को खेलों के प्रशिक्षण के साथ-साथ अच्छी शिक्षा भी देना है।
हरियाणा इस बार दूसरे स्थान पर रहा
मध्य प्रदेश में हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स में इस बार हरियाणा दूसरे स्थान पर रहा था। इस बार हरियाणा ने 42 स्वर्ण पदक, 32 रजत और 55 कांस्य पदक प्राप्त किए है। यानि की हरियाणा ने कुल 128 पदक जीते है। वही इनमें से कुश्ती में 9 स्वर्ण पदक और 41 अन्य पदक थे। बॉक्सिंग में राज्य ने 8 स्वर्ण पदक समेत टोटल 15 पदक जीते थे। अगर बात करे एथलेटिक्स की तो 4 स्वर्ण पदक सहित हरियाणा ने 13 पदक जीते है। वहीं साल 2021 में हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हरियाणा 52 स्वर्ण पदकों के साथ पहले स्थान पर रहा था।