नई दिल्ली: बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्रहाम स्टारर फिल्म पठान ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रखा है। फिल्म पांचवे दिन तक 543 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर चुकी है। भारत में मूवी के अब तक का कलेक्शन 335 करोड़ तो वहीं इंडिया से बाहर फिल्म की अब तक की कुल कमाई 208 करोड़ हो चुकी है। शाहरुख खान ने पठान फिल्म को रिलीज में मदद करने वालों को शुक्रिया कहा है।
रिलीज डे पर बनाया रिकॉर्ड
शाहरुख खान की मूवी का उनके फैंस को बड़े ही बेसब्री से इंतजार रहता है। इस बार उन्होंने अपने फैंस को लंबा इंतजार करवाया था। शाहरुख खान ने लगभग चार साल पहले अपनी आखिरी फिल्म की थी। लेकिन जैसे ही उनकी नई फिल्म पठान आई उनके फैंस काफी खुश हुए। हालांकि ट्रेलर लांचिंग के बाद फिल्म के बेशर्म रंग गाने को लेकर काफी कंट्रोवर्सी हुई। फिल्म के नाम और गाने में दीपिका की ड्रेस के रंग को लेकर फिल्म जबरदस्त तरीके से विवादों के घेरे में आ गई। यह फिल्म जिस तरह से विवादों में रही उससे यह अनुमान नहीं लगाया जा रहा था कि इसे इतनी सफलता मिलेगी। बावजूद इसके पठान को बेहतरीन कामयाबी मिल रही है। 25 जनवरी को रिलीज हुई फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के कई रिकॉर्ड बनाए। पठान फिल्म हर दिन कमाई के मामले में एक नया रिकॉर्ड बना रही है।
सबसे तेज कमाई करने वाली पहली फिल्म
पठान फिल्म दर्शकों को काफी पसंद आ रही है। फिल्म के मेकर्स यशराज प्रोडक्शन का दावा है कि हिंदी सिनेमा के इतिहास में पठान सबसे तेज़ इतनी ज़्यादा कमाई करने वाली फ़िल्म है। बता दें पठान ने पहले दिन भारत में 57 करोड़ रुपये की कमाई कीथी। वहीं रिलीज वाले दिन इसकी ओवरऑल कमाई की बात करें तो रिपोर्ट्स के अनुसार दुनियाभर के सिनेमाघरों से कुल 106 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में दिवानगी का ही कमाल रहा जो श्रीनगर में 33 साल बाद किसी भी सिनेमाहॉल के बाहर हाउसफुल का बोर्ड लगाया गया। 1990 में कश्मीर में अशांती और तनाव फैलने के बाद ऐसा पहली बार देखा गया।
शाहरुख ने कहा शुक्रिया
फिल्म पठान को कामयाबी मिलने से शाहरुख खान बहुत खुश हैं। उन्होंने इस फिल्म को रिलीज करवाने वाले लोगों को शुक्रिया कहा हैं। शाहरुख ने कहा ऐसे भी वक्त आया जब हमने लोगों को फोन किया और कहा कि प्लीज हमारी फिल्म को प्रेम से रिलीज करवा दें। फिल्म बनाना और देखना दोनों ही प्यारा अनुभव होता है। मैं इस फिल्म की रिलीज में मदद करने वाले सभी लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं।