कुरुक्षेत्र: जब से हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह पर छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं तब से उनका कहीं न कहीं से विरोध हो ही रहा है। गणतंत्र दिवस पर पिहोवा में संदीप सिंह द्वारा तिरंगा फहराए जाने का विरोध करने वाली सोनिया दूहन पर भी नया मामला सामने आया है। वो शनिवार को कुरुक्षेत्र पुलिस अधीक्षक के पास पहुंची। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को अपने चाचा सतवीर सिंह के साथ मारपीट की शिकायत दी है।
यह लगाया आरोप
सोनिया ने आरोप लगाया कि मंत्री संदीप के इशारे पर उनके साथ यह सलूक किया गया। वह केवल मंत्री से यह कह रही थी कि वह एक महिला कोच द्वारा छेड़छाड़ के संगीन आरोप लगाए जाने के बाद वह राष्ट्रीय ध्वज फहराने के योग्य नहीं है।
संदीप सिंह को बताया था अपवित्र
सोनिया ने संदीप सिंह को अपवित्र बताया है और उन पर मामला दर्ज है। इस दौरान उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें घसीटा गया और उनके साथ छेड़खानी की गई। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने दी यह जानकारी
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार ने भरोसा दिया है कि एक विशेष टीम गठित कर मामले की गहनता से जांच करवाई जाएगी, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी। बाद में सोनिया ने पत्रकारों से कहा जाए कि अब उन्होंने मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ लड़ाई शुरू कर दी है। सामाजिक संगठनों की ओर से उन्हें पूरा सहयोग दिया जा रहा है। वह अब इस लड़ाई को जीत कर ही चुप होगी। मंत्री को पद से इस्तीफा देना होगा।