नई दिल्ली: जनवरी के शुरुआत से हीउत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी झेल रहे उत्तर भारत के निवासियों को जल्द राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि बृहस्पतिवार से शीतलहर का प्रकोप काफी हद तक कम हो जाएगा। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अब तापमान में अब बढ़ोतरी का अनुमान जताया गया है। हालांकि, 23 से 26 जनवरी के दौरान वर्षा के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है जिसके कारण तापमान में गिरावट भी आएगी। दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
मंगलवार को भी दिल्ली में ठिठुरन का दौर जारी रहा
इस बीच मंगलवार को भी दिल्ली में ठिठुरन भरी ठंड का दौर जारी रहा। दिन के समय खिली रही तेज धूप ने कुछ राहत भी दिलाई। न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 2.4 डिग्री जबकि अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 19.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री लोधी रोड पर और सबसे कम अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस मयूर विहार में दर्ज किया गया।
दिल्ली सहित उत्तर पश्चिम भारत में होगी ओलावृष्टि
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को अगले सप्ताह दिल्ली सहित उत्तर पश्चिम भारत में हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की हो सकती है। हालांकि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 21 से 26 जनवरी तक पूरे उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इससे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 21 जनवरी के शुरुआती घंटों में वर्षा/बर्फबारी शुरू होने और 24-25 जनवरी को चरम गतिविधि के साथ 26 जनवरी तक जारी रहने की संभावना है।