Ganga Vilas Cruise: राष्ट्रकवि दिनकर के जन्मस्थल को किया गया अनदेखा… सिमरिया घाट पर बिना रुके आगे बढ़ा क्रूज

नई दिल्ली: वाराणसी के गंगा घाट से डिब्रूगढ़ तक जाने वाला गंगा विलास क्रूज 20 जनवरी यानी शुक्रवार को मुंगेर के बबुआ घाट पहुंचेगा। लेकिन मुंगेर से पहले राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के गांव सिमरिया में क्रूज के इंतजार में आंखे बिछाये बैठे गांव और आसपास के लोगों को उस वक्त निराश होना पड़ जब क्रूज नि​र्धारित रास्ते से तो गुजरा लेकिन निर्धारित स्थान पर नहीं रूका। दरअसल, क्रूज की स्वागत में पूरी तैयारियों के साथ खड़े प्रशासन, राजनेता के चेहरे पर तब मायूसी छा गई जब गंगा विलास क्रूज सिमरिया घाट पर बिना रुके ही मुंगेर की तरफ आगे बढ़ गया।

एक घंटे के लिए सिमरिया में रुकने का था प्लान

ऐसा कहा जा रहा है कि बुधवार सुबह 11 बजे विदेशी सैलानियों को लेकर निकला गंगा विलास क्रूज को सिमरिया घाट पर एक घंटे के लिए सिमरिया के आसपास की ऐतिहासिक जगहों को देखने के लिए रुकना था, लेकिन देखते ही देखते क्रूज घाट पर बिना रुके दूर से ही आगे निकल गया जिससे उन हजारों लोगों का मन मायूस हो गया जो गंगा विलास क्रूज को देखने के लिए घाट पर आस लगाए बैठे थे।

डीएम ने तैयारियों को लिया था जायजा

बेगूसराय के जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने मंगलवार को सिमरिया में तैयारियों का जायजा लिया था। उन्होंने कहा था कि विदेशी सैलानियों का विधि-विधान से स्वागत किया जाएगा और यहां एक घंटे के कार्यक्रम में सैलानी पारंपरिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। बुधवार को डीएम खुद भी सिमरिया नहीं पहुंचे। एडीएम स्तर के अधिकारियों के साथ पुलिसकर्मी भारी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगाए गए थे। क्रूज के नहीं रुकने के बारे में पूछे जाने पर अधिकारी ने कोई जवाब वा देते हुए निकल गए। उनका जवाब नहीं देने का कारण ये भी माना जा सकता है कि उनको खुद इस बारे में कोई ज्ञात नहीं की आखिर गंगा विलास क्रूज इतने महत्वपूर्ण घाट पर क्यों नहीं रुकी।

सिमरिया में हुआ था राष्ट्रकवि दिनकर का जन्म

बेगूसराय के सिमरिया घाट पर क्रूज का नहीं रुकना कोई साधारण बात नहीं है क्योंकि सिमरिया कोई साधारण जगह नहीं है। 23 सितंबर 1908 को सिमरिया में ही राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर का जन्म हुआ था। वे आधुनिक युग के श्रेष्ठ वीर रस के कवि के रूप में स्थापित हैं। राष्ट्रवाद अथवा राष्ट्रीयता को इनके काव्य की मूल-भूमि मानते हुए इन्हे युग-चारण व काल के चारण की संज्ञा दी गई है। दिनकर स्वतन्त्रता पूर्व एक विद्रोही कवि के रूप में स्थापित हुए और स्वतन्त्रता के बाद राष्ट्रकवि के नाम से जाने गये। उनकी प्रसिद्ध रचनाएं उर्वशी, रश्मिरथी, रेणुका, संस्कृति के चार अध्याय, हुंकार, सामधेनी, नीम के पत्ते हैं। यहां तक की आपातकाल के दौरान रामधारी सिंह दिनकर की मशहूर कविता सिंहासन खाली करो कि जनता आती है काफी लोकप्रिय हुई थी।

लोगों ने बिहार सरकार को ठहराया दोषी

क्रूज के बिना रुके वहां से आगे बढ़ जाने की घटना से आहत बड़ी संख्या में सिमरिया और उसके आसपास के गांव के लोग जो क्रूज के इंतजार में घाट पर एकत्रित हुए थे इस घटना के लिए बिहार सरकार को दोषी ठहराया। उनका कहना था कि सरकार बेगूसराय और सिमरिया का विकास नहीं चाहती, इसलिए पर्यटन स्थल के रूप में उसके विकास को लेकर उदासीनता बरती गई। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी जिला प्रशासन पर आरोप लगाया है। लोगों ने कहा कि बेगूसराय के साथ छल किया गया है। बेगूसराय की छवि सुधारने के लिए ऐसे अवसर आते हैं तो जिला प्रशासन को ज्यादा सक्रिय होकर क्रूज परिचालन-प्रबंधन से संपर्क रखना चाहिए था। बड़ी बात यह है बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी अपने सोशल मीडिया पोस्ट के

जरिए यह जानकारी दी थी कि एमवी गंगा विलास कल सुबह 8:00 बजे बेगूसराय के सिमरिया घाट पहुंचेगी।

गौरतलब है कि गंगा विलास क्रूज को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने 13 जनवरी को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था जो कि डिब्रूगढ़ तक जाएगा। गंगा विलास क्रूज की यह यात्रा कई मायनो में अपने आप में अनूठा है। अनूठा इसलिए कि यह क्रूज नदी में 3200 किलोमीटर की लंबी यात्रा करेगा। जो न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा देगा बल्कि आंतरिक ट्रांसपोर्टेशन के रास्ते का भी मार्ग प्रशस्त करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *