Sandeep Singh:हॉकी टीम के पूर्व कप्तान को जब लगी थी गोली, रियल लाइफ पर बन चुकी है फिल्म

चंडीगढ़: यौन उत्पीड़न के मामले पर हरियाणा सरकार में खेल मंत्री संदीप सिंह ने अपना विभाग छोड़ दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को खेल विभाग सौंपा है। हालांकि वो अभी भी मंत्री पद पर बरकरार है।

भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह अपने ऊपर लगे उत्पीड़न मामले पर सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि ये मेरे खिलाफ साजिश है। मेरी छवि को खराब करने के लिए ऐसा किया जा रहा है।

क्या है पूरा मामला

संदीप सिंह के ऊपर हरियाणा की महिला जूनियर एथलेटिक्स की एक कोच ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। महिला ने संदीप सिंह के खिलाफ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। महिला कोच की मांग है कि हरियाणा सरकार इस मामले को गंभीरता से ले और संदीप सिंह को मंत्री पद से बर्खास्त करे। पीड़िता का कहना है कि अगर उन्हें मंत्री पद से नहीं हटाया जाता है तो वो अपने पद का प्रयोग करते हुए निष्पक्ष जांच नहीं होने देंगे।

संदीप सिंह का हॉकी करियर

संदीप सिंह साल 2004 में सुल्तान अजलन शाह कप में भाग लेने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय खिलाड़ी बने। उसी साल संदीप ने एथेंस ओलंपिक में हिस्सा लिया था। उस समय वो ओलंपिक खेलने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय हॉकी खिलाड़ी थे। इसके एक साल बाद संदीप ने बड़ी उपल्बधि हासिल करते हुए जूनियर विश्व कप में सर्वोच्च स्कोरर बने थे।

जब रीढ़ में लगी गोली

संदीप सिंह ने अभी हॉकी की दुनिया में तेजी से कदम बढ़ाना शुरू किया था कि उनके साथ एक हादसा हो गया। संदीप साल 2006 में जर्मनी में आयोजित होने वाली सीनियर विश्व कप टूर्नामेंट की तैयारी कर रहे थे। इसी को लेकर वो कालका शताब्दी ट्रेन में यात्रा कर रहे थे। उसी दौरान ट्रेन में रेलवे सुरक्षा बल के एक गार्ड की बंदूक से संदीप सिंह की रीढ़ में गलती से गोली लग गई थी।

शानदार वापसी की

इस हादसे के बाद वो काफी समय तक हॉकी से दूर हो गए थे। लेकिन उन्होंने 2 साल बाद मैदान पर शानदार वापसी की। उन्होंने साल 2006 में खेले गए सुल्तान अजलन शाह कप में कुल नौ गोल दागे थे। वह इस टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर थे। इसी साल उन्हें भारतीय हॉकी टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। उन्होंने टीम को कई बड़ी टूर्नामेंट में कामयाबी दिलाई थी। उनकी कप्तानी में भारत ने 2009 में सुल्तान अजलन शाह कप जीता था। उन्होंने उस प्रतियोगिता में छह गोल किए थे और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया था।

रियल लाइफ पर बनी है फिल्म

हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और हरियाणा सरकार में मंत्री संदीप सिंह पर फिल्म भी बन चुकी है। एक्टर दिलजीत दोसांझ ने फिल्म सूरमा में संदीप सिंह की भूमिका निभाई थी। फिल्म में तापसी पन्नू और अंगद बेदी भी मुख्य भूमिका में नजर आए थेँ। शाद अली द्वारा निर्देशित यह फिल्म 13 जुलाई, 2018 को रिलीज़ हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *