कुल्लू: एक तरफ नए साल का जश्न और दूसरी और हिमाचल में जबरदस्त हिमपात के बीच अलर्ट जारी होना। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों रोहतांग और पांगी सहित कई चोटियों पर बर्फबारी हुई है। राजधानी शिमला के रिज मैदान पर बूंदाबांदी के साथ फाहे, कुफरी, नारकंडा और हाटू पीक में हिमपात हुआ है। लाहौल, मनाली, चंबा और सिरमौर की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी हुई है।
रोहतांग में आवाजाही हुई बंद
रोहतांग दर्रे में बर्फबारी होने से पुलिस प्रशासन ने वीरवार देर शाम से मनाली-लेह मार्ग पर नेहरूकुंड से आगे वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। जिला चंबा जनजातीय क्षेत्र पांगी में बर्फबारी के बाद का नजारा देखने लायक है।
अटल टनल हुई बंद
नेहरुकुण्ड से आगे पर्यटकों जाने नहीं दिया जा रहा है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश और चोटियों पर बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। शुक्रवार को भी ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात और निचले इलाकों में बारिश होने का पूर्वानुमान है।
ऊपरी क्षेत्रों में जारी है ठण्ड का प्रकोप
कुल्लू और लाहौल जिला प्रशासन ने सैलानियों व आम लोगों को मौसम को देखते हुए ऊंचाई वाले इलाकों की तरफ न जाने की हिदायत दी है। चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी, भरमौर, मणिमहेश, चौबिया, कुगति, सुपा, तुंदा, घटौर, क्वारसी में पांच से सात सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है।