श्रीलंका के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है। खब्बू बल्लेबाज शिखर धवन को वनडे और टी-20 टीम में जगह नहीं दी गई है। धवन को अगले साल होने वाले एकदिवसीय विश्व कप में चुने जाने की उम्मीद थी। लेकिन टीम से बाहर होने के बाद अब ऐसा लगने लगा है कि उनका टीम में वापस आना मुश्किल हो जाएगा।
बाएं हाथ के धाकड़ बल्लेबाज शिखर धवन लंबे समय से भारतीय टेस्ट और टी20 टीम का हिस्सा नहीं रहे हैं। अब बीसीसीआई ने उन्हें वनडे फॉर्मेट से भी बाहर कर दिया है। भारतीय सेलेक्टर्स का यह फैसला काफी चौंकाने वाले है। क्योंकि अगले साल भारत में एकदिवसीय विश्व कप होना है। जिससे पहले टीम इंडिया को युवा खिलाड़ियों के साथ-साथ अनुभवी खिलाड़ियों की भी बेहद जरूरत है। धवन को बाहर करने के बाद उनके फैंस यह अंदाजा लगाने लगे हैं कि शायद अब वो टीम इंडिया की जर्सी में दुबारा खेलते हुए नहीं दिखेंगे।
2013-19 तक किया शानदार प्रदर्शन
शिखर धवन भारत के बाएं हाथ के सर्वश्रेष्ट बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने साल 2013 से 2019 तक बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके नाम कई सारे रिकॉर्ड भी दर्ज हुए। 2013में भारत कोचैंपियंस ट्रॉफी जीताने में धवन ने अपने बल्ले से अहम योगदान दिया था। उन्होंने 5 मैचों में 90.75 की औसत से 363 रन बनाए थे। धवन के नाम एक टेस्ट मैच में शतक लगाने और शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। 2014 में ऑकलैंड के मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में धवन पहली पारी में बिना खाता खोले आउट हो गए थे, जबकि दूसरी पारी में उन्होंने शानदार 115 रनों की पारी खेली थी।
100वें वनडे में जड़ा शतक
शिखर ने अपने 100वें वनडे में शानदार शतक जड़ा था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहन्सबर्ग स्टेडियम में उन्होंने 109 रनों की शतकीय पारी खेली थी।धवन 2015 वनडे विश्व कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 8 मैचों में 2 सेंचुरी और एक हाफसेंचुरी समेत 412 रन बनाए थे।
2 गोल्डन बैट पाने वाले इकलौते बल्लेबाज
शिखर धवन ने लगातार बड़े टूर्नामेंट में भी शानदार प्रदर्शन किया। वो आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में लगातार दो गोल्डन बैट पाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। 2013 में 363और 2017 चैंपियस ट्रॉफी में उन्होंने 5 मैचों में 67.60 की एवरेज के साथ 338 रन बनाए थे।
अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित
साल 2021 में शिखर धवन को खेलों में उनके अमूल्य योगदान देने के लिए भारत सरकार ने उन्हें प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया था।
मूंछों पर ताव देने का खास अंदाज
शिखर धवन मैदान पर बहुत आक्रमकता से बल्लेबाजी करते हैं। उन्हें इसलिए गब्बर नाम से बुलाया जाता है। शिखर अपनी कामयाबी का जश्न खास तरह से मनाते हैं। वो जब भी शतक, अर्धशतक या फिर कैच पकड़ते हैं तो अपनी मूंछो पर ताव देते हुए अपनी जांघो पर ताली मारते हैं। शिखर धवन का यह खास अंदाजा काफी पंसद किया जाता है।