नई दिल्ली:चीन समेत अन्य देशों में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए भारत पहले से ही अलर्ट है। कोरोना दोबारा देश में कोहराम ना मचाए इसके लिए केंद्र सरकार हर जगह कोरोना से निपटने की तैयारी कर चुकी है। विदेशों से आए यात्रियों की एयरपोर्ट पर ही रैपिड टेस्टिंग शुरू कर दी गई है। हालांकि रैपिड टेस्टिंग में कुछ यात्री कोरोना पॉजिटिव भी मिल रहे हैं।फिलहाल देश में कुल 41 विदेशी यात्री कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, वहीं भारत में कुल सक्रिय मामले घटकर अब 3,421 हो गए हैं।
498विदेशी यात्रियों की हो चुकी टेस्टिंग
दरअसल, एक रिपोर्ट के अनुसार, 24 दिसंबर से अब तक 498 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के यात्रियों की टेस्टिंग की जा चुकी है। इस दौरान 1,780 सैंपल इकट्ठा किए गए हैं। इनमें से 41 यात्री कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अब इन सभी सैंपल्स को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेज दिया गया है।
चेन्नई और कर्नाटक एयरपोर्ट पर विदेशी यात्री संक्रमित
चेन्नई एयरपोर्ट पर आज यानी बुधवार को दो कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। दोनों यात्री दुबई से यहां पहुंचे हैं। दोनों लोग अलनगुडी जिले के रहने वाले हैं। तमिलनाडु के स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि राज्य कीसार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशाला में सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।
इससे पहले बीते मंगलवार को कर्नाटक के बेंगलुरु में केंपेगौड़ा एयरपोर्ट पर चार विदेशी यात्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। यात्रियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें क्वारंटाइन कर दिया गया है।
वहीं, इससे पहले बिहार के बोधगया में 5 श्रद्धालुओं की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। दरअसल, एयरपोर्ट पर 33 विदेशियों की कोविड जांच कराई गई थी। इनमें से पांच लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जबकि बाकी 28 की रिपोर्ट निगेटिव थी।
उल्लेखनीय है कि पीएम मोदी की सलाह पर देशभर के विभिन्न अस्पतालों में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि मॉक ड्रिल से हमें ये जानने में मदद मिलेगी कि किस स्तर पर क्या कमी है और इन्हें हम समय रहते दुरुस्त कर लेंगे। मांडविया ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल का दौरा भी किया।