कश्मीर में सुरक्षाबलों को दोहरी कामयाबी, सोपोर में आईईडी को किया निष्क्रिय तो पुलवामा से आतंकी को दबोचा

श्रीनगर:कश्मीर के सोपोर में आज सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हासिल हुई है। सोपोर में एक आईईडी बरामद की गई है। इस आईईडी को सुरक्षा बलों ने डॉग स्कॉयड के जरिये बरामद किया है। उल्लेखनीय है कि अगर यह आईईडी समय से बरामद नहीं की जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। दूसरी तरफ पुलवामा में पुलिस ने आतंकी संगठन अल-बदर के आतंकी को हथियारों के साथ दबोचा है।

भारतीय सेना की 52राष्ट्रीय राइफल्स को मिली सफलता

अधिकारियों के अनुसार भारतीय सेना की 52राष्ट्रीय राइफल्स, सीआरपीएफ और सोपोर पुलिस की एक संयुक्त टीम ने के सोपोर के तुलीबल इलाके में सोपोर-कुपवाड़ा बाईपास रोड पर एक आईईडी का पता लगाया। इसका पता चलने के तुरंत बाद यातायात को रोक दिया गया। साथ ही लोगों की आवाजाही भी रोकी गई। मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने आईईडी को निष्क्रिय किया।

शोपियां में बरामद हुई थी आईईडी

इससे पहले, शोपियां जिले के शिरमल इलाके में सुरक्षाबलों ने छह दिसंबर को सड़क किनारे लगाई गई इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद कर सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की आतंकी साजिश को नाकाम किया गया था। बाद में बम निरोधक दस्ते ने आईईडी को निष्क्रिय कर दिया।

अल-बदर का आतंकी हथियारों के साथ गिरफ्तार

पुलिस ने मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के पुलामा जिले में अल-बदर आतंकवादी संगठन के आतंकी को गिरफ्तार करने का दावा किया। पुलवामा में पुलिस ने सेना 55RR और CRPF 182/183 BN के साथ बंदजू क्रॉसिंग पर स्थापित एक संयुक्त चौकी पर आतंकवादी संगठन अल-बद्र से जुड़े एक सक्रिय आतंकवादी को गिरफ्तार किया और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *