शिमला: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद खुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री बनाया गया। जिसपर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं दी। प्रधानमंत्री से मिली जीत की बधाई पर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा मुझे आपके आशीर्वाद की जरुरत है।
हिमाचल में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कार्यभर संभाल लिया है। अब उनके मंत्रीमंडल को लेकर चर्चा तेज है। कयास लगाया जा रहा है कि 10 विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। इन सबके बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुखविंदर सिंह को जीत की बधाई दी है।
ट्वीट कर दी शुभकामनाएं
हिमाचल में कांग्रेस की जीत और सुखविंदर सिंह सुक्खू के मुख्यमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर लिखा सुखविंदर सिंह सुक्खू जी को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बहुत-बहुत बधाई। मैं हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए केंद्र की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन देता हूं।
सुक्खू ने दिया जवाब
प्रधानमंत्री मोदी के बधाई संदेश पर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उन्हें जवाब दिया। सुक्खू ने ट्विट कर लिखा, माननीय प्रधानमंत्री जी, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद! मुझे पूर्ण विश्वास है कि देवभूमि हिमाचल के विकास के लिए हमे आपका आशीर्वाद हमेशा मिलता रहेगा।
सीएम रेस में छोड़ा सबको पीछे
गौरतलब है कि हिमाचल की 68 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने 40 सीटों पर जीत हासिल की। बहुमत मिलने के बाद कांग्रेस आलाकमान के सामने सबसे बड़ी चुनौती मुख्यमंत्री चुनने की थी। एक समय पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी और प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह समेत कई अन्य नेताओं का नाम रेस में सबसे आगे चल रहा था। लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को तवज्जो दी। सुक्खू के मुख्यमंत्री बनने के बाद पार्टी अब जल्द ही अपना मंत्रीमंडल तय करेगी।