हरियाणा-उत्तर प्रदेश में बाढ़ का अलर्ट … सुखना का जलस्तर बढ़ा, हथिनीकुंड से छोड़ा गया 2,95,912 क्यूसेक पानी

पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश मैदानी इलाकों में आफत बन गई है । सड़कों पर बारिश के पानी ने जगह-जगह तालाब बना दिया । पहाड़ों में हो रही बारिश के चलते यमुना नदी भी उफान पर है । यमुना में सोमवार सुबह ही 2 लाख 95 हजार 912 क्यूसेक पानी हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया है, जिसके चलते हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बाढ़ का अलर्ट जारी कर दिया गया है । सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने हरियाणा के साथ-साथ दिल्ली को भी अलर्ट कर दिया है । ऐसा कई साल बाद हो रहा है जब सितंबर महीने में यमुना उफान पर है और हथिनी कुंड से इतना पानी छोड़ा गया है ।

बाढ़ का खतरा

हरियाणा के यमुनागर में सिंचाई विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर आर एस मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया है कि यमुना उफान पर आने के बाद यमुना के साथ लगते इलाकों में रहने वालों को सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा गया है । बताया गया है कि, बाढ़ का पानी करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद एवं उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी बाढ़ का खतरा पैदा कर सकता है ।

सुखना लेक के फ्लड गेट भी खोले

हथिनी कुंड ही नहीं चंडीगढ़ में सुखना लेक के फ्लड गेट भी खोल दिए गए हैं । चंडीगढ़ में लगातार हुई बारिश से सुखना का जल स्तर बाढ़ गया था, जिसके चलते रविवार शाम लेक के फ्लड गेट खोल दिए गए । सुखना का जल स्तर 1 हजार 162 फुट से ज्यादा हो गया था । बारिश के चलते यहां तापमान में भी गिरावट देखी गई है । 4 दिन लगातार हुई बारिश के चलते रविवार को पारा 8 डिग्री तक कम रहा ।

कौशल्या नदी में भी उफान

हिमाचल प्रदेश में हो रही बारिश ने पिंजौर की कौशल्या नदी को भी उफान पर ला दिया है । जलस्तर बढ़ा तो असर शिव लोटिया मंदिर तक दिखा, यहां नदी इतनी तेज बहाव में रही कि दर्शन करने पहुंचे एक शख्स की जान मुसीबत में आ गई । शख्स को घंटों की मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने बचाया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *