रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी के पोर्टफोलियो में अब एक बड़ी कंपनी का नाम जुड़ने वाला है । कंपनी ने रिटेल बिजनेस को बढ़ाने की दिशा में केरल की इलेक्ट्रॉनिक्स और ग्रॉसरी रिटेल चेन बिस्मी (BISMI) के अधिग्रहण की तैयारी पूरी कर ली है । जानकारी है कि रिलायंस रिटेल इस डील को पूरा करने के बेहद करीब है ।
दिवाली तक मुहर
मुकेश अंबानी लगातार कंपनी विस्तार में जुटे हैं । बीते कुछ दिनों में उन्होंने दो बड़े सौदे किए हैं, और अब केरल की बिस्मी पर उनकी नजर है । केरल में Bismi के 30 बड़े फॉर्मेट स्टोर चल रहे हैं । मीडिया में आ रही रिपोर्ट के अनुसार दिवाली तक इस डील पर मुहर लग सकती है ।
करोड़ों में होगा सौदा
बिस्मी, उद्योगपति वीए अजमल का फैमिली वेंचर है । ये एक हाइपरमार्केट की चेन है । अजमल कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर के रूप में बागडोर संभाल रहे हैं । मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बिस्मी का राजस्व लगभग 800 करोड़ रुपये का है जबकि एमडी अजमल करीब 600 करोड़ रुपये वैल्यूएशन की मांग कर रहे हैं । सौदे की रकम को लेकर रिलायंस रिटेल और बिस्मी बातचीत के दौर में है ।
रिलायंस की बड़ी डील
रिलायंस ग्रुप ने हाल ही में कई बड़ी डील्स की हैं, जिनमें अमेरिकी कंपनी सेंसहॉक और सॉफ्ट ड्रिंक ब्रांड कैंपा कोला की जमकर चर्चा हुई । इसके साथ ही कंपनी ने पॉलिएस्टर चिप और धागा बनाने वाली कंपनी शुभलक्ष्मी पॉलिएस्टर्स लिमिटेड का भी अधिग्रहण किया है । ये डील तकरीबन 1592 करोड़ रुपये में हुई है ।
बड़े निवेश की भी तैयारी
रिलायंस इंडस्ट्रीज की ओर से बीते दिनों जारी एक बयान में ये भी बताया गया है कि उसकी सब्सिडियरी रिलायंस न्यू एनर्जी लिमिटेड नेक्स्ट जेन सोलर टेक्नो्लॉजी में काम करने वाली अमेरिकी कंपनी कैलक्स की 20 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने जा रही है । इसके लिए रिलायंस न्यू एनर्जी 1.2 करोड़ डॉलर यानी करीब 100 करोड़ रुपये का निवेश करेगी ।