झारखंड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के पुत्र तनवीरुल हसन और शहर के नबी बक्स रोड निवासी मोहम्मद अब्बास को क्वारेंटाइन कर दिया गया है। दरअसल झारखंड पुलिस की विशेष शाखा ने निजामुद्दीन स्थित मरकज़ में तबलीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल होने वाले राज्य के लोगों की सूची जारी की है। इसी सूची के आधार पर देवघर प्रशासन ने मंत्री हाजी हुसैन के बेटे को मधुपुर थाने लाया। मंत्री हाजी हुसैन अंसारी भी अपने बेटे मोहम्मद तनवीरुल हसन के साथ थाने पहुंचे।
वहीं नबी बक्स रोड निवासी मो. अब्बास भी थाने पर पहुंचे। थाने में मेडिकल टीम ने उनके गले और नाक के स्वैब का नमूना लिया। बता दें कि देवघर से आयी मेडिकल टीम के साथ अनुमंडल अस्पताल उपाधीक्षक डॉ सुनील कुमार मरांडी ने दोनों का ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए रिम्स, रांची भेज दिया। तनवीरूल हसन और मो. अब्बास को 14 दिनों के लिए क्वारेंटाइन पर भेजने का निर्देश दिया।
इस घटनाक्रम के बाद तनवीरुल हसन ने कहा कि वर्ष 1993 में वह दिल्ली गये थे। इसके बाद कभी फिर दोबारा दिल्ली नहीं गये हैं। प्रशासन ट्रेन, प्लेन आदि का डाटा निकालकर जांच करा ले। अफवाह फैलाकर उन्हें गलत तरीके से परेशान किया जा रहा है। मेरे घर और दुकान में सीसीटीवी लगा हुआ है। प्रशासन पिछले एक महीने की रिकॉर्डिंग निकालकर जांच करा ले। मधुपुर में रहकर हर दिन आम लोगों से मिलता -जुलता रहता हूं। ऐसी विषम परिस्थिति में जब गरीबों की सहायता करने का वक्त है, तो मुझे 14 दिनों के लिए क्वारेंटाइन में रहने को कहा जा रहा है। इस कारण देवघर जिला के सभी अधिकारी परेशान हुए हैं। साजिश के तहत बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन हर तरह से जांच करायें, वह हर तरह की जांच में सहयोग करने को तैयार हैं।
मंत्री हाजी हुसैन अंसारी ने साफ कहा कि उनका पुत्र न तो दिल्ली गया है और न ही रांची। उनके बेटे के नाम का व्यक्ति और मोहम्मद अब्बास का जो नाम आया है। दोनों के समान नाम के व्यक्ति को पुलिस ने देवघर से भी पकड़ा है। उन्होंने साफ कहा कि उनके पुत्र का हजरत निजामुद्दीन तबलीगी जमात से कोई लेनादेना नहीं है। ब्लड सैंपल की जांच के बाद मामले की सच्चाई सामने आ जायेगी। उन्होंने कहा कि कहीं न कहीं खुफिया विभाग और प्रशासन को गलतफहमी हुई है।