कोरोना वायारस का असर दुनियाभर में खेले जाने वाले कई खेलों पर पड़ा है। COVID-19 के प्रकोप के चलते खेल की कई प्रतियोगिताओं को या तो रद्द कर दिया गया है या फिर रिशेड्यूल करने को कहा गया है। कोरोना के चलते देश में खेली जाने वाली आईपीएल लीग भी प्रभावित हुई है। साल 2020 में इंडियन प्रीमियर लीग का आयोजन 29 मार्च से होना था। लेकिन कोरोना का कहर कुछ इस कदर टूटा कि इस लीग को स्थगित करना पड़ा। आईपीएल 2020 की शुरुआत कब होगी अभी ये तय नहीं है। इस बीच आईपीएल और उसके आयोजन को लेकर खेल मंत्री किरण रिजिजू का बयान आया है।
खेल मंत्री किरण रिजिजू ने गुरुवार को साफ कर दिया कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें सीजन के भविष्य पर फैसला 15 अप्रैल के बाद लिया जाएगा। मंत्रालय ने बताया कि कोरोनावायरस के कारण फैली मौजूदा स्थिति को देखने के बाद ही 15 अप्रैल के बाद नई एडवाइजरी जारी की जाएगी।
खेल मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि क्रिकेट के मसलों पर फैसला बीसीसीआई को लेना होता है। इस बीमारी का असर सीधे तौर पर देश के नागरिकों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा, 15 अप्रैल के बाद सरकार स्थिति के हिसाब से नई एडवाइजरी जारी करेगी। इसके अलावा खेल मंत्रालय ने गुरुवार को सभी राष्ट्रीय खेल महासंघ (एनएसएफ) से कहा है कि कोरोनावायरस के कारण 15 अप्रैल तक सभी टूर्नामेंट्स, जिनमें सेलेक्शन ट्रायल्स भी शमिल हैं, उनको रद्द किया जाता है।
बीसीसीआई क्रिकेट को मसलों को देखती है और यह ओलंपिक स्पोर्ट्स नहीं है, लेकिन यह सिर्फ एक खेल टूर्नामेंट का सवाल नहीं बल्कि नागरिकों की सुरक्षा का सवाल है। एक टूर्नामेंट में हजारों लोग आते हैं। इसलिए यह सिर्फ खेल संघ और खिलाड़ियों की बात नहीं यह हर नागरिक की बात है। आईपीएल की शुरुआत 29 मार्च से होनी थी, लेकिन बीसीसीआई ने इसे कोरोना वायरस के कारण 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया है।
बता दें कि खेल मंत्रालय ने 12 मार्च को सूचना जारी करते हुए कहा था कि कोरोनावायरस के कारण सभी टूर्नामेंट रद्द किए जाते हैं और अगर टूर्नामेंट का आयोजन जरूरी हो तो इसे बिना दर्शकों के कराया जाए। दिल्ली सरकार केंद्र सरकार से एक कदम आगे रही थी। उसने दिल्ली में 31 मार्च तक आईपीएल कराने पर ही पाबंदी लगा दी है।