नई दिल्ली ( भाषा ) : मिस्टर परफेक्शनिस्ट के नाम से लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाने वाले अभिनेता आमिर खान ने कहा कि, मैं किसी पार्टी के लिए प्रचार नहीं करता हूं।
बीते दिनों आमिर खान का जन्मदिन था। इस दौरान पत्रकारों से ने जब उनसे पूछा गया कि, आपका नाम भी प्रचार के लिए PM के ट्वीट में शामिल हो रहा है..?
इस सवाल का जवाब देते हुए आमिर ख़ान ने कहा,ये बात अच्छी और सही है कि ज़्यादा से ज़्यादा लोग इस प्रक्रिया से जुड़े हैं। नरेंद्र मोदी इस देश के प्रधानमंत्री हैं और जब उन्होंने कुछ लोगों से अपील की है कि हम जनता से कहें कि वोट करें तो ये अच्छी बात है और ज़ाहिर है सेलिब्रिटीज का कहना काफी लोगों पर असर डालता है।
आगे उन्होंने कहा कि, ऐसा नहीं है कि सिर्फ मोदी जी ने मुझे पहली बार कहा हो. चुनाव आयोग ने भी मुझे कई बार ब्रांड एम्बेसडर के तौर पर इस्तेमाल किया है ताकि मैं लोगों को कहूं कि आकर वोट करें। ये इस साल से नहीं बल्कि कई सालों से हो रहा है। मुझसे और कई कलाकारों से विनती की जाती रही है कि हम लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित करें। लेकिन मैं ये नहीं कहता कि आप इसको या उसको वोट दो। हर भारतीय स्मार्ट है।
आमिर से पूछा गया कि क्या वो बीजेपी के लिए प्रचार करेंगे तो इस पर आमिर ने कहा कि, मैं किसी के लिए कोई प्रचार नहीं करता हूं।
ग़ौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते दिनों ट्विटर के ज़रिए कई फ़िल्मी कलाकारों से लोगों को वोट देने के लिए प्रेरित करने की अपील की थी प्रधानमंत्री के टैग किए गए कलाकारों की सूची में अभिनेता आमिर ख़ान का नाम भी शामिल है।