नयी दिल्ली, 11 मार्च (भाषा) दिल्ली के आरके पुरम इलाके में एक महिला का पीछा करने और उसके साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस ने सोमवार को बताया कि आरोपियों की पहचान शाहीनबाग निवासी आफताब खान और उत्तर प्रदेश के रहने वाले सोनेंदर के रूप में हुई है.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला ने शनिवार को पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि फेसबुक पर उसकी खान से दोस्ती हुई थी. पुलिस ने बताया कि बाद में उनके बीच प्रेम संबंध हो गया.
अधिकारी ने बताया कि महिला ने दावा किया कि उन्होंने उसके साथ छेड़छाड़ की और खान से शादी नहीं करने पर गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी. दक्षिण पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त दवेंद्र आर्य ने बताया कि जब महिला ने खान को नजरअंदाज करना शुरू किया, तो उन्होंने उसका पीछा करना शुरू कर दिया.