ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में दर्शकों ने तालियों से किया धोनी का स्वागत

रांची, आठ मार्च (भाषा) रांची के राजकुमार महेन्द्र सिंह धोनी शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मैच में जब बल्लेबाजी के मैदान में उतरे तो दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट और मोबाइल की लाइट जलाकर उनका स्वागत किया. लेकिन 20वें ओवर में उनके आउट होते ही मैदान में सन्नाटा पसर गया.

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान जब अपने गृह मैदान पर बल्लेबाजी करने उतरे तो चालीस हजार दर्शकों से खचाखच भरा झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) का स्टेडियम मोबाइल फोनों की रोशनी से जगमगा उठा और लोगों ने धोनी-धोनी के नारे लगा कर उनका स्वागत किया. पूरे मैदान में दर्शक दीर्घा में लोग अपने स्थान पर खड़े हो गये और मोबाईल फोन की रोशनी के कारण मैदान का नाजारा ऐसा था जैसे जैसे हजारों जुगनू निकल आये हो.

धोनी ने भी लोगों को निराश नहीं किया और 27 रन पर तीसरा विकेट गिरने के बाद मैदान पर उतरे धोनी ने कप्तान कोहली के साथ मिलकर स्कोर बोर्ड को स्थिरता प्रदान की. उन्होंने ने बहुत लंबी पारी नहीं खेली लेकिन उन्होंने 42 गेदों में दो चौके और एक छक्का की मदद से 26 रन बनाये और भारतीय टीम का स्कोर 86 रन तक पहुंचाया.

बीसवीं ओवर की पहली गेंद पर धोनी को आस्ट्रेलियाई स्पिनर जंपा ने बोल्ड किया. भारत के चौथे विकेट के रुप में माही के आउट होते ही धोनी का योद्धाओं जैसा स्वागत करने वाले हजारों दर्शकों में निराशा छा गयी और थोड़ी देर पहले ही मोबाइल फोन के टार्च से जगमगा रहे जेएससीए मैदान में बिलकुल सन्नाटा छा गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *