अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुलवामा आतंकी हमले को भयावह करार दिया है. ट्रंप ने कहा कि वो इस मामले में रिपोर्ट देख रहे हैं और जल्द ही बयान भी जारी करेंगे. बता दें 14 फरवीर को पुलवामा में भारतीय सैनिकों पर आतंकी हमला हुआ था. इस हमले में सीआरपीएफ के काफिले को निशाना बनाया गया. जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे.
ट्रंप ने व्हाइट हाउस के अपने दफ्तर में मीडिया से कहा कि दक्षिण एशिया के दोनों देश अगर साथ आएं तो बहुत अच्छा होगा. उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, मैंने देखा, मुझे इसपर बहुत सी रिपोर्ट मिली है. हम इस मामले में सही समय पर बयान देंगे. यह बहुत अच्छा होगा अगर भारत और पाकिस्तान साथ आएं.
इस हमले पर अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन भी कह चुके हैं कि अमेरिका आतंक के खिलाफ भारत के साथ खड़ा है और भारत को आत्मरक्षा का पूरा अधिकार है. इसके साथ ही आतंकियों को सुरक्षित पनाहगाह नहीं देने की भी बात कही थी.
पुलवामा में गुरुवार को विस्फोटकों से लदी कार के साथ आदिल अहमद डार नाम के आतंकी ने सीआरपीएफ की बस में टक्कर मार दी थी. इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद नाम ने ली थी. बताया जाता है कि जैश का सरगना मसूद अजहर पाकिस्तान में रहता है.