Haryana Vidhansabha Chunav 2024: हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है। सबसे पहले बैलेट पेपर की गिनती हुई और अब ईवीएम मशीनों से वोटों की गिनती की जा रही है। 22 जिलों में 93 काउंटिंग सेंटर बनाए गए हैं। बादशाहपुर, गुरुग्राम और पटौदी विधानसभा सीट की काउंटिंग के लिए 2-2 सेंटर और बाकी 87 सीटों के लिए एक-एक सेंटर बनाया गया है। 5 अक्टूबर को हुए चुनाव में प्रदेश में 67.90 फीसदी वोटिंग हुई थी, जो पिछले चुनाव से 0.03 फीसदी से कम है।
शुरुआती रूझानों में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलता दिख रहा है। कांग्रेस इस समय 56 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। बीजेपी 28 सीटों पर आगे चल रही है। प्रदेश के कार्यवाहक सीएम नायब सिंह सैनी को छोड़कर सभी मंत्री पीछे चल रहे हैं। जेजेपी दो सीटों पर आगे हैं और अन्य 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। इनेलो की बात की जाए तो वह ऐलनाबाद सीट से आगे हैं।
सभी कर रहे सरकार बनाने का दावा
प्रदेश के सीएम नायब सैनी का कहना है कि हरियाणा में बीजेपी की सरकार आएगी और 8 अक्टूबर को पूर्ण बहुमत से बीजेपी सरकार बनाने जा रही है। हमें पूर्ण विश्वास है, हमने हरियाणा को गति देने का काम किया है।
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जब से हमने चुनाव प्रचार शुरू किया है, तब से मैं कह रहा हूं कि कांग्रेस के पक्ष में लहर है। कांग्रेस प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। बीजेपी जा रही है और कांग्रेस आ रही है।
वहीं, इनेलो महासचिव अभय चौटाला का कहना है कि जो एग्जिट पोल आता है, ये पुराने आंकड़े दिखाते हैं। एग्जिट पोल मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ का भी आया था। वहां कांग्रेस की सरकार दिखाई थी, लेकिन बनी बीजेपी की सरकार। जो सरकार बनाने के दावे कर रहे हैं उनके दावे ध्वस्त हो जाएंगे।