Haryana Vidhansabha Chunav 2024: बीजेपी राज्यसभा प्रत्याशी किरण चौधरी को निर्विरोध चुन लिया गया है। अब किरण चौधरी राज्यसभा सांसद बन गई है। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए किरण चौधरी ने बीजेपी शीर्ष नेतृत्व और हरियाणा विधायकों का धन्यवाद दिया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को निशाने पर लेते हुए कहा कि अब प्रदेश की सियासी तस्वीर बिल्कुल साफ दिखाई दे रही होगी क्योंकि अब बहुमत का शीशा पूरे देश और प्रदेश के सामने साफ हो गया है।
उन्होंने हुड्डा परिवार को निशाने पर लेते हुए कहा कि बाबू बेटे के पास कुछ बचा नहीं है। कांग्रेस के साथ-साथ दोनों बाबू बेटा वेंटिलेटर पर है। गिरफ्तारी को लेकर जो तलवार लटक रही है बस उसे हटाने के लिए झूठ बोलकर जनता को भ्रमित कर सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस में फूट है हुड्डा साहब ने हमारे साथ पाकिस्तान जैसा व्यवहार किया है। पार्टी में सम्मान नहीं मिलने के बाद हमने बीजेपी के साथ जाना उचित समझा।
बीजेपी सांसद ने कांग्रेस को लेकर कहा कि कांग्रेस लगातार भ्रम और झूठ फैला रही है कि सरकार अल्पमत में हैं। अगर सरकार अल्पमत में है तो हमारे खिलाफ प्रत्याशी को क्यों खड़ा नहीं किया गया। सरकार को अल्पमत में होने की बात कहने वाले फॉर्म भी नहीं भर पाए। आज साबित हो गया है, इस चुनाव में बीजेपी के लिए बड़ी जीत है। अब विधानसभा चुनाव में बीजेपी लगातार तीसरी बार बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं।
कांग्रेस कर रही भ्रमित- सीएम
इस मौके पर प्रदेश के सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस का झूठ ना चलने देंगे ना बिकने देंगे। केंद्रीय नेतृत्व का धन्यवाद करता हूं। उन्होंने ने कहा कि विपक्षी दलों को भी शीशा दिखाई दिया है कि सरकार अल्पमत में नहीं थी। इसका बड़ा असर विधानसभा चुनाव में दिखाई देगा। कांग्रेस लोकसभा चुनाव से लेकर अब तक लगातार जनता को बरगलाने और भ्रमित करने का काम कर रही है। आम चुनाव में महान भारत देश के संविधान को लेकर झूठ फैलाया गया।