Kolkata Rape Murder Case: कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुई बर्बरता और हत्या को लेकर आज पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने बंद का ऐलान किया है। बंद के दौरान प्रदेश के कई जिलों में बीजेपी कार्यकर्ता और पुलिस के बीच झड़प देखने को मिली और कई जगहों पर सैंकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
इस दौरान परगना 24 जिले में बीजेपी नेता की गाड़ी पर फायरिंग और बम फेंकने का मामला सामने आया है। बीजेपी नेता प्रियंगु पांडे ने बताया कि टीएमसी के 50 से ज्यादा लोगों ने सड़क को ब्लॉक कर दिया और गाड़ी पर फायरिंग करने लगे। साथ ही गाड़ी पर बम फेंके गए। जिसमें ड्राइवर समेत दो लोगों को गोली लगी है। एक शख्स अभी गंभीर है।
दूसरी ओर, नादिया और मंगलबाड़ी चौरंगी में बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। टीएमसी समर्थकों ने भाजपाइयों पर लाठी-डंडे से हमला किया। बनगांव और बारासात दक्षिण में ट्रेनें रोक दी गईं। वहीं, कलकत्ता हाईकोर्ट ने बीजेपी के बंगाल बंद को चुनौती देने वाली जनहित याचिका खारिज कर दी। बीजेपी ने आज सुबह 6 से शाम 6 बजे तक बंद बुलाया है।
बीजेपी विधायक गिरफ्तार
बीजेपी मंगलवार 27 अगस्त को कोलकाता में छात्र प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और उन्हें हिरासत में लेने का विरोध कर रही है। बंगाल पुलिस लगातार बीजेपी नेताओं को गिरफ्तार कर रही है। बीजेपी महिला विधायक अग्निमित्रा पॉल को कोलकाता पुलिस ने हिरासत में लिया गया है। बीजेपी पार्षद सजल घोष को उनके घर से गिरफ्तार किया गया है।
Read Also: Jharkhand: बीजेपी में शामिल होने की चंपाई सोरेन की पुष्टि, कहा- पहले सोचा संन्यास ले लूं लेकिन…
बता दें कि, मंगलवार 27 अगस्त को कई छात्र संगठनों और मजदूर संगठनों ने सीएम आवास को घेरने और ममता बनर्जी के इस्तीफे को लेकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन को लेकर पुलिस के जवानों नें छात्रों पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था। जिसमें कई छात्र घायल हो गए थे। जिसको लेकर आज बुधवार को बीजेपी ने बंगाल बंद का आहवान किया था।