Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। राज्य में कई राजनेता अपना राजनीतिक भविष्य तलाशने में जुटे हैं। इसी बीच आज एनसीपी-एसपी चीफ शरद पवार ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की है।
प्राप् जानकारी के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच मराठा आरक्षण को लेकर चर्चा हुई। दो सप्ताह के अंदर शरद पवार और सीएम शिंदे की बीच यह दूसरी मुलाकात है। इससे पहले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ सीएम शिंदे से मुलाकात की थी और प्रदेश के कई मुद्दों को लेकर मंथन किया था।
इन मुद्दों को लेकर जैसे बीडीडी चॉल का पुनर्विकास, पुलिस हाउसिंग कॉलोनी का पुनर्विकास और कुछ अन्य आवास परियोजनाओं को लेकर चर्चा की गई थी। इसके अलावा राज ठाकरे का कहना है कि वह विधानसभा चुनाव को अकेले लड़ने जा रही है। लोकसभा चुनाव में महायुति गठबंधन का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था।
बता दें कि, महाराष्ट्र की 288 सीटों में से सबसे ज्यादा सीटों पर बीजेपी चुनाव लड़ेगी। एनसीपी (एपी) प्रमुख अजित पवार ने 80 से 90 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया है। वहीं, शिवसेना (शिंदे गुट) की लगभग 100 सीटों पर नजर है। बीजेपी 160 से 170 सीटों पर चुनाव लड़ने पर विचार कर रही है।
विपक्षी महा विकास अघाड़ी गठबंधन की बात करें तो उम्मीद जताई जा रही है कि कांग्रेस पार्टी 120 से लेकर 130 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। शिवसेना (यूबीटी) 90-100 सीटें जबकि एनसीपी-एसपी 75-80 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हालांकि, अभी किसी भी पार्टी की ओर से इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।