Kathua Terror Attack: मंगलवार की रात जम्मू-कश्मीर के कठुआ इलाके में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ कठुआ जिले के हीरानगर इलाके के सैडा सोहाल में हुई और इसमें एक आतंकवादी और मारा गया। अब आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि तलाशी अभियान में सुरक्षाबलों ने एक और आतंकी को मार गिराया है। आतंकी का शव भी बरामद कर लिया गया है। मरने वालों आतंकियों की संख्या दो हो गई है। इस मुठभेड़ में एक सीआरपीएफ का जवान भी शहीद हुआ था।
आतंकी हमले के बारे में जानकारी देते हुए एडीजीपी जम्मू आनंद जैन ने कहा कि दो आतंकियों को ढेर कर दिया गया और क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि क्षेत्र में एक और आतंकी के छिपे होने की संभावना है। सुरक्षाबल इसको लेकर तेजी से तलाशी अभियान चला रहे हैं। सैडा सोहाल गांव में घुसने के बाद आतंकियों ने कुछ घरों से पीने के लिए पानी मांगा। आतंकियों ने सैडा सोहल गांव में गोलियां भी चलाईं। जिससे एक नागरिक भी घायल हो गया था।
डोडा में हुई थी मुठभेड़
रियासी और कठुआ के बाद डोडा जिले के चत्तरगला इलाके में 4 राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस की संयुक्त चौकी पर आतंकियों ने गोलीबारी की थी। गोलीबारी में सेना के 6 जवान घायल हुए थे। जम्मू संभाग के सभी सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां हाईअलर्ट पर हैं। विभिन्न शहरों में सुरक्षा को पहले से कई गुना बढ़ा दिया है। आम नागरिकों को अनावश्यक घर से बाहर नहीं निकलने के लिए कहा गया था।
उपराज्यपाल ने लिया जायजा
जम्मू-कश्मीर में हुए तीन आतंकी घटनाओं के बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मौके का निरीक्षण किया। उपराज्पाल आज श्रीनगर के पंथा चौक स्थित श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के कार्यालय और यात्री निवास पहुंचे और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी प्राप्त की।
Read Also: http://Andra Pradesh: चंद्रबाबू नायडू और पवन कल्याण ने ली शपथ, पीएम मोदी और अमित शाह मौजूद