Loksabha Chunav 2024 7th Phase Voting Live: लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में शनिवार को आठ राज्य और केन्द्र शासित प्रदेश की 57 सीटों पर मतदान जारी है। इस चरण में देश की सबसे हॉट सीट वाराणसी भी शामिल है। आज पंजाब और यूपी की 13-13 सीटों पर सुबह से वोटिंग हो रही है। पश्चिम-बंगाल की 9, बिहार की 8, ओडिशा की 6, हिमाचल प्रदेश की 4, झारखंड की 3 सीट और केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की एक सीट पर मतदान हो रहा है।
आखिरी फेज में कई केन्द्रीय मंत्रियों और दिग्गज नेताओं की साख दांव पर है। इस चरण में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर से, लालू प्रसाद की बेटी मीसा भारती पाटलिपुत्र और अभिनेत्री कंगना रनौत मंडी सीट से मैदान में हैं। सुबह 11 बजे सबसे ज्यादा मतदान पश्चिम-बंगाल और हिमाचल प्रदेश में हुआ है। आखिरी चरण में जारी मतदान के बीच एक बार फिर से पश्चिम-बंगाल में हिंसा की खबर सामने आई है।
बंगाल में लाठीचार्ज
प्रदेश के जादवपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भांगर के सतुलिया इलाके में टीएमसी (TMC) पर आईएसएफ (ISF) और सीपीआईएम (CPIM) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर हमला करने का आरोप लगा है। टीएमसी समर्थकों पर बम से हमला करने का आरोप है। इस घटना में कथित तौर पर कई आईएसएफ कर्मी और समर्थक घायल हो गए। अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बूथ के सामने जमा भीड़ को पीछे हटाने के लिए लाठीचार्ज का सहारा लिया।
हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम और हमीरपुर लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के पिता प्रेम कुमार धूमल ने मतदान किया और मतदान के बाद कहा कि, मैं लोगों से अपील करना चाहता हूं कि वे अपने घरों से बाहर आएं और वोट देने के अपने अधिकार का प्रयोग करें। मुझे उम्मीद है कि अनुराग ठाकुर पांचवीं बार भी जीतेंगे और हमीरपुर और देश के लोगों की सेवा करेंगे।
सचिन पायलट का शतक
लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण के लिए राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम और टोंक विधायक सचिन पायलट ने 14 राज्यों की 53 लोकसभा सीटों पर 101 जनसभाएं कीं। लोकसभा चुनाव के टिकट वितरण होते ही देशभर में विभिन्न लोकसभा सीटों पर चुनाव प्रचार के लिए सचिन पायलट की अत्यधिक मांग रही। पायलट ने राजस्थान और अपने प्रभार राज्य सहित विभिन्न राज्यों की लोकसभा सीटों पर कांग्रेस और इंडी गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया।
Read Also:http://Delhi Water Crisis: हीटवेव के बीच सूख रहा राजधानी का गला, सुप्रीम कोर्ट पहुंची आप’की’ सरकार
मंडी के लोग आशीर्वाद देंगे- कंगना रनौत
हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी कंगना रनौत ने मतदान के बाद कहा, ‘मैंने अभी अपना वोट डाला है। मैं लोगों से अपील करना चाहती हूं कि वह लोकतंत्र के त्योहार में भाग लें और अपने वोट के अधिकार का प्रयोग करें। हिमाचल प्रदेश में पीएम मोदी की लहर है। मुझे उम्मीद है कि मंडी के लोग मुझे आशीर्वाद देंगे और हमें राज्य की सभी 4 सीटें मिलेंगी…हिमाचल प्रदेश की 4 सीटें 400 पार में योगदान देंगी।
4 जून का सूरज नया सवेरा लेकर आएगा- राहुल गांधी
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मतदान के बीच एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया और लिखा कि, ‘प्यारे देशवासियों! आज सातवें और अंतिम चरण का मतदान है और अब तक के रुझानों से स्पष्ट है कि देश में इंडी गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। मुझे गर्व है कि झुलसा देने वाली गर्मी में भी आप सभी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए वोट देने निकले हैं। आज भी बड़ी संख्या में बाहर निकल कर अहंकार और अत्याचार का प्रतीक बन चुकी इस सरकार पर अपने वोट से ‘अंतिम प्रहार’ जरूर कीजिए। 4 जून का सूरज देश में एक नया सवेरा लेकर आने जा रहा है।