अयोध्या राम मंदिर विवाद मामले पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई हो सकती है. सुप्रीम कोर्ट आज आदेश जारी करेगा कि केस का समय बचाने के लिए कोर्ट की निगरानी में मध्यस्थता के लिए भेजा जाए या नहीं.
दरअसल सुप्रीम कोर्ट की पीठ को इलाहाबाद हाईकोर्ट के 2010 के फैसले के खिलाफ दायर 13 अपीलों पर सुनवाई करनी है. हाईकोर्ट ने अपने फैसले में अयोध्या में 2.77 एकड़ के विवादित स्थल को तीनों पक्षकार सुन्नी वक्फ बोर्ड, निर्मोही अखाड़ा और राम लला के बीच बांटने का आदेश दिया था.
इस फैसले में कहा गया था कि विवादित भूमि को तीन बराबर हिस्सों में बांटा जाए. जिस जगह रामलला की मूर्ति है वहां रामलला को विराजमान रहने दिया जाए. सीता रसोई और राम चबूतरा निर्मोही अखाड़े को दिया जाए। बाकी की एक तिहाई जमीन सुन्नी वक्फ बोर्ड को दी जाए.
लेकिन इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अयोध्या की विवादित जमीन पर हिंदू महासभा ने याचिका दायर कर दी. दूसरी तरफ सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने भी सुप्रीम कोर्ट में हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ अर्जी दाखिल कर दी. इसके बाद इस मामले में कई और पक्षकारों ने याचिकाएं लगाईं. कुल 13 याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट के समक्ष विचाराधीन हैं. सभी याचिकाएं विवादित जमीन के मालिकाना हक को लेकर ही है.