पुलवामा हमले के बाद भारत के सख्त रुख को देखकर एक बार फिर से पाकिस्तान ने शांति का राग अलापा है.रविवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने पीएम मोदी से शांति लाने का मौका देने की अपील की है. उनका कहना है कि पुलवामा हमले को लेकर कोई सबूत दिया जायेगा तो वो उस पर कड़ी कार्यवाई करेंगे.
इमरान खान का यह बयान तब आया जब पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पूरी दुनिया में आम सहमति है. आतंकवाद के दोषियों को दंडित करने के लिये हम मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं.
इतना ही नहीं पीएम मोदी ने इमरान खान को पुरानी बातें भी याद दिलाई. मोदी ने इस बात का जिक्र करते हुए कहा कि मैने उनसे (इमरान) कहा था कि आईये गरीबी और अशिक्षा के खिलाफ लड़ाई लड़ें. इस पर खान ने मुझसे कहा था कि मोदीजी मैं पठान का बच्चा हूं, सच्चा बोलता हूं, सच्चा करता हूं. आज उनके शब्दों को कसौटी पर तौलने का वक्त है.
पीएम मोदी के इस बयान के बाद पाकिस्तान ने अपना जवाब दिया. पाकिस्तान ने कहा कि प्रधानमंत्री इमरान खान अपनी ज़ुबान पर कायम हैं कि अगर भारत कार्रवाई योग्य खुफिया जानकारी देता है तो हम लोग तत्काल कार्रवाई करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी को शांति को एक मौका देना चाहिए.