नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से मांग की है कि जम्मू जेल में बंद 7आतंकियों को तिहाड़ जेल ट्रांसफर किया जाए. जम्मू-कश्मीर प्रशासन का कहना है कि ये आतंकी जेल में बंद स्थानीय कैदियों का ब्रेनवॉश करने की कोशिश कर रहे हैं.
जस्टिस एल.एन राव और एम.आर शाह की बेंच ने केंद्र और दिल्ली सरकार से इस संबंध में जवाब मांगा है. इस बाबत जम्मू-कश्मीर सरकार का पक्ष रखते हुए स्टैंडिंग काउंसल शोएब आलम ने कहा कि अलग-अलग आतंकी संगठनों से जुड़े ये 7 कैदी जेल में बंद स्थानीय कैदियों का ब्रेनवॉश करने का प्रयास कर रहे हैं. इसलिए इन्हें जम्मू जेल की बजाय कहीं और शिफ्ट किए जाने की जरूरत है.
कैदियों को भी नोटिस भेजने की कही बात
साथ ही उन्होंने अदालत से कहा कि अगर इन्हें तिहाड़ जेल शिफ्ट नहीं किया जा सकता तो पंजाब या हरियाणा की उच्च सुरक्षा वाली किसी जेल में शिफ्ट किया जाना चाहिए. बेंच ने कहा कि वो इस पर सुनवाई करेगी और आलम से कैदियों को भी नोटिस की कॉपी भेजने की बात कही.