Haryana JJP: आगामी चुनाव से पहले हरियाणा में जेजेपी को बड़ा झटका लगा है। चरखी दादरी में पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान ने पार्टी को अलविदा कह दिया है। वह 19 नवंबर को दादरी में कार्यकर्ता सम्मेलन करने जा रहे हैं। यह सम्मेलन बिना किसी पार्टी के झंडे के होगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह इस दौरान कोई ऐलान कर सकते हैं।
सम्मेलन में होगा बड़ा फैसला !
बताया जा रहा है कि पूर्व मंत्री अपने जेलर बेटे प्रदीप सांगवान या परिवार के किसी सदस्य को सियासत में उतारना चाहते हैं। वह कार्यकर्ताओं की सहमति के बाद कोई फैसला लेंगे। इसी को लेकर सतपाल सांगवान ने अगले महीने कार्यकर्ता सम्मेलन करने का ऐलान किया है।
हुड्डा सरकार में रहें सहकारिता मंत्री
बता दें कि, पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान साल 1996 में हरियाणा विकास पार्टी (हविपा) की टिकट पर पहली बार विधायक बने थे और बाद में कई बार विधानसभा चुनाव लड़े और साल 2009 में हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) की टिकट पर दोबारा विधायक बने। इसी दौरान हजकां का कांग्रेस में विलय होने पर भूपेंद्र हुड्डा सरकार में सहकारिता मंत्री बने।
साल 2014 के चुनाव में कांग्रेस की टिकट पर हार गए और 2019 के चुनाव में कांग्रेस की टिकट कटने पर जेजेपी से विधानसभा का चुनाव लड़ा। इस चुनाव में सतपाल सांगवान दूसरे स्थान पर रहे थे। पिछले एक साल के दौरान सांगवान सार्वजनिक मंचों पर भी किसी भी पार्टी में नहीं होने का ऐलान कर चुके हैं। अब वह कोई बड़ा फैसला लेने जा रहे हैं।