पानीपत: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल (CM Manohar Lal) आज नूंह हिंसा में मारे गए पानीपत के रहने वाले अभिषेक बजरंगी के घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मृतक अभिषेक के परिजनों से मुलाकात कर शोक जताया और उन्हें सांत्वना दिया कि किसी भी हाल में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस दुख की घड़ी में वह परिवार के साथ हैं।
दरअसल, मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार देर रात से ही पानीपत में थे। उन्होंने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम किया और फिर सुबह करीब साढ़े आठ बजे नूंह हिंसा में मारे गए पानीपत के नूरवाला स्थित धमीजा कॉलोनी में अभिषेक बजरंगी के घर पहुंचे। 10 मिनट के मुलाकात के दौरान उन्होंने परिवार वालों को हौसला दिया। साथ ही आरोपियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शने की सांत्वना भी दी।
वहीं अभिषेक के परिजनों ने बताया कि सीएम उनके घर आए थे। उन्होंने शोक व्यक्त किया, सांत्वना दी, लेकिन नौकरी या फिर किसी प्रकार की आर्थिक मदद की कोई बात नहीं हुई है। हालांकि इस पर सीएम मनोहर लाल का बयान भी बयान सामने आया है। नौकरी को लेकर उन्होंने कहा कि प्रक्रिया के अनुसार नौकरी दी जाएगी। परिवार के किसी भी एक सदस्य को नियमों के अनुसार टेस्ट आदि पास करने होंगे, इसके बाद नौकरी दी जाएगी, ताकि भविष्य में कोई नौकरी को चैलेंज न कर सके।
वहीं 10 मिनट बाद वे वहां से सेक्टर 13-17 स्थित हेलीपैड पहुंचे, जहां से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए। गौरतलब है कि नूंह में विश्व हिंदू परिषद की ब्रज मंडल यात्रा के दौरान हुई हिंसा के दौरान महिलाओं की रक्षा के लिए अड़े अभिषेक बजरंगी (Abhishek Bajrangi) की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई थी।अभिषेक को पहले गोली मारी गई। उसके बाद उनका गला काटकर सिर को पत्थरों से कूच दिया गया था।